Lifestyle: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और असंतुलित जीवनशैली के चलते हाई ब्लड प्रेशर यानी उच्च रक्तचाप एक आम लेकिन खतरनाक समस्या बनती जा रही है। हाल ही में आई वैश्विक रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया भर में करीब 1.28 अरब लोग हाई ब्लड प्रेशर से जूझ रहे हैं, जिनमें से लगभग 46% लोगों को इस बीमारी का पता तक नहीं है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे “साइलेंट किलर” यानी “खामोश हत्यारा” कहा है, क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण अक्सर नजरअंदाज हो जाते हैं और जब तक बीमारी का पता चलता है, तब तक यह गंभीर रूप ले चुकी होती है।
उच्च रक्तचाप क्या होता है?
हृदय रोग विशेषज्ञों के मुताबिक, जब किसी व्यक्ति के रक्तचाप का स्तर लगातार 140/90 mmHg या उससे अधिक रहता है, तो उसे उच्च रक्तचाप कहा जाता है। यह स्थिति शरीर की रक्त वाहिकाओं और अंगों पर अतिरिक्त दबाव डालती है, जिससे दिल, मस्तिष्क, किडनी और आंखों को नुकसान पहुँच सकता है।

ये हैं हाई ब्लड प्रेशर के संभावित लक्षण
सिर में तेज़ दर्द
सीने में दबाव या दर्द
चक्कर आना या बेहोशी
सांस लेने में दिक्कत
नाक से खून आना
आंखों के सामने धुंध
घबराहट या भ्रम की स्थिति
दिल की अनियमित धड़कन
अगर इनमें से कोई भी लक्षण गंभीरता से सामने आए, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
हाई ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने के प्रभावी उपाय
1. संतुलित आहार लें:
अमेरिकी हृदय शल्य चिकित्सक डॉ. जेरेमी लंदन के अनुसार, संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर आहार उच्च रक्तचाप नियंत्रण में अहम भूमिका निभाता है। सोडियम (नमक) का सेवन सीमित करें और पोटैशियम, मैग्नीशियम और फाइबर से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे फल, सब्ज़ियाँ, साबुत अनाज और मेवे अपने आहार में शामिल करें।
2. नियमित व्यायाम करें:
हर दिन कम से कम 30 मिनट की तेज़ चाल से चलना, योग करना या हल्का कार्डियो वर्कआउट भी रक्तचाप को नियंत्रित रखने में मदद करता है।
3. तनाव कम करें:
तनाव भी रक्तचाप बढ़ाने वाला एक प्रमुख कारक है। ध्यान, गहरी सांस लेने की तकनीकें और पर्याप्त नींद से तनाव को कम किया जा सकता है।
4. धूम्रपान और शराब से दूरी बनाएँ:
धूम्रपान और अत्यधिक शराब का सेवन रक्तचाप को तेज़ी से बढ़ा सकता है। यदि आप इन आदतों को छोड़ देते हैं, तो हृदय की सेहत को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
5. नियमित जांच कराएँ:
यदि आपका ब्लड प्रेशर अस्थिर रहता है, तो डॉक्टर की सलाह से घर पर ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग करें और हर 3-6 महीने में जांच कराना न भूलें।
6. दवाओं का नियमित सेवन करें:
अगर आपको डॉक्टर ने ब्लड प्रेशर की दवाएँ दी हैं, तो उन्हें नियमित रूप से लेना जरूरी है। अपनी मर्जी से दवाएँ बंद करना खतरनाक हो सकता है।