नई दिल्ली: पद्म पुरस्कार से सम्मानित डॉक्टरों के एक समूह ने कहा कि भारत स्वास्थ्य संकट के कगार पर खड़ा है, जहां मधुमेह, हृदय रोग और कैंसर जैसी गैर-संक्रामक बीमारियां (एनसीडी) महामारी के स्तर पर पहुंच रही हैं। हाल में ‘पैसिफिक वनहैल्थ’ द्वारा आयोजित एक सत्र में, डॉक्टरों ने चेताया कि तत्काल कार्रवाई के बिना, भारत इस एनसीडी महामारी से बहुत ज्यादा प्रभावित होगा। सर गंगाराम अस्पताल के न्यासी बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. डीएस राणा ने सार्वभौमिक पहुंच और नैतिक विनियमन की आवश्यकता पर बल दिया।
पद्मश्री से सम्मानित डॉ. राणा ने कहा कि हमारा अंतिम लक्ष्य सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा होना चाहिए। भारत ने प्रगति की है, लेकिन असमानताएं अभी तक बनी हुई हैं। स्वास्थ्य सेवा को समतापूर्ण बनाने के लिए हमें मजबूत नैतिक प्रथाओं और नियामक साहस की आवश्यकता है, विशेष रूप से दवाओं के मूल्य निर्धारण और अस्पताल की लागत के मामले में। हृदय रोग के बढ़ते मामलों पर मेदांता के ‘इंटरवेंशनल और स्ट्ररल हार्ट काíडयोलॉजी’ के अध्यक्ष, डॉ. प्रवीण चंद्रा ने कहा कि हृदय कई रोगों के लिए जिम्मेदार है।
पद्मश्री से सम्मानित डॉ. चंद्रा ने निवारक स्वास्थ्य के महत्व पर जोर देते कहा कि गोल्डन ऑवर (जान बचाने के लिहाज से कीमती समय) के दौरान आपातकालीन एंजियोप्लास्टी से अनगिनत लोगों की जान बचाई जा सकती है, तथा उन्नत हृदय संबंधी उपचार अब 80 और 90 वर्ष की आयु के रोगियों के लिए भी सुलभ हैं। पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित एंडोक्राइनोलॉजिस्ट और मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. अनूप मिश्र ने मधुमेह पर अपनी चिंताएं व्यक्त कीं।
ये भी पढ़ें : तीसरी तिमाही में Nifty 500 कंपनियों की Profit Growth 16%, 8 तिमाहियों में सबसे तेज

