Site icon Dainik Savera Times

लौकी की बर्फी: स्वाद और सेहत का परफेक्ट कॉम्बो, जानें आसान रेसिपी

Lauki ki barfi recipe

Lauki ki barfi recipe

फाल्गुन का महीना शुरू होते ही होली की तैयारियां भी तेज हो जाती हैं। ऐसे में अगर आप इस बार कुछ अलग और सेहतमंद मिठाई बनाने का सोच रहे हैं, तो लौकी की बर्फी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। उत्तर प्रदेश के कल्चरल डिपार्टमेंट ने इसे पारंपरिक और पौष्टिक मिठाई के तौर पर खास तौर पर सुझाया है।

आमतौर पर सब्जी के रूप में इस्तेमाल की जाने वाली लौकी को जब बर्फी का रूप दिया जाता है, तो यह स्वाद और सेहत का शानदार मेल बन जाती है। कम कैलोरी और हल्की होने के कारण यह त्योहारों के लिए एक बेहतर विकल्प मानी जाती है।

विशेषज्ञों के अनुसार लौकी में लगभग 96 प्रतिशत पानी होता है। इसके अलावा इसमें फाइबर, विटामिन ए, पोटैशियम, कैल्शियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। फाइबर से भरपूर होने की वजह से यह पाचन तंत्र को मजबूत करती है और कब्ज, गैस व एसिडिटी जैसी समस्याओं में राहत देती है।

कम कैलोरी और अधिक पानी की मात्रा वजन नियंत्रित करने में मदद करती है। साथ ही पोटैशियम ब्लड प्रेशर को संतुलित रखने में सहायक होता है। लौकी को नेचुरल डिटॉक्सिफायर भी माना जाता है जो शरीर से विषैले तत्व बाहर निकालने में मदद करती है और त्वचा को निखार देती है।

ऐसे बनाएं लौकी की बर्फी

सामग्री:
1 मध्यम आकार की लौकी
2 बड़े चम्मच घी
1 कप चीनी
1 कप मावा
1/2 छोटा चम्मच इलायची पाउडर

विधि:
सबसे पहले लौकी को धोकर छील लें और बीज निकालकर कद्दूकस कर लें।
कढ़ाई में घी गर्म करें और कद्दूकस की हुई लौकी डालकर मध्यम आंच पर लगभग 10 मिनट तक भूनें।
इसमें चीनी डालें और तब तक पकाएं जब तक पानी सूख न जाए।
अब मावा और बचा हुआ घी मिलाकर मिश्रण को गाढ़ा होने तक भूनें।
अब इसमें इलायची पाउडर डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
मिश्रण को एक ट्रे में फैलाकर ठंडा होने दें और फिर मनचाहे आकार में काटकर परोसें।।

 

Exit mobile version