नई दिल्ली: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग छोटी-छोटी बीमारियों के लिए दवाओं का सहारा लेते हैं, लेकिन आयुर्वेद में एक ऐसी औषधि बताई गई है जो शरीर की कई समस्याओं को जड़ से खत्म कर सकती है — चंद्रप्रभा वटी। इसे आयुर्वेद की सबसे प्रभावी और बहुउपयोगी दवाओं में से एक माना जाता है।
यह औषधि शरीर को शीतलता, ऊर्जा और स्फूर्ति प्रदान करती है। चरक संहिता और भैषज्य रत्नावली जैसे प्राचीन ग्रंथों में भी इसका उल्लेख मिलता है। चंद्रप्रभा वटी मूत्र विकार, डायबिटीज, हार्मोनल असंतुलन, त्वचा और पाचन संबंधी रोगों में बेहद असरदार है।
करीब 37 तरह की जड़ी-बूटियों और खनिजों से बनी यह वटी — गुग्गुलु, शिलाजीत, त्रिकटु, त्रिफला, हल्दी, गिलोय, विदंग, दालचीनी और इलायची जैसी सामग्रियों से तैयार की जाती है। यह संयोजन शरीर को अंदर से शुद्ध करता है और रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाता है।
मूत्र मार्ग की सूजन, पेशाब में जलन और इंफेक्शन में यह दवा बहुत प्रभावी है। यह किडनी और ब्लैडर को साफ रखती है और लंबे समय तक सेवन से यूरिक एसिड और स्टोन की समस्या में भी राहत देती है। डायबिटीज के मरीजों में यह ब्लड शुगर को नियंत्रित करती है और पाचन को मजबूत बनाती है।
महिलाओं में यह हार्मोनल असंतुलन और पीसीओडी जैसी समस्याओं को कम करती है। साथ ही, यह खून को साफ कर त्वचा को निखार देती है और शरीर से थकान, तनाव और कमजोरी दूर करती है।
नियमित सेवन से चंद्रप्रभा वटी शरीर को संतुलित, ऊर्जावान और रोगमुक्त बनाती है — सचमुच आयुर्वेद की एक रामबाण औषधि।

