Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

हाई ब्लड प्रेशर में फायदेमंद हो सकता है शवासन, तनाव कम करने में भी मददगार

May 13, 2026

हाई ब्लड प्रेशर में फायदेमंद हो सकता है शवासन, तनाव कम करने में भी मददगार

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हाई ब्लडप्रेशर एक आम समस्या बन चुका है। लगातार तनाव, खराब खानपान, नींद की कमी, घंटों बैठकर काम करना और शारीरिक गतिविधियों का कम होना इसके वजह माने जाते हैं। पहले यह बीमारी केवल बढ़ती उम्र के लोगों में ज्यादा देखने को मिलती थी, लेकिन अब कम उम्र के लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं।

ऐसे में आयुष मंत्रालय इलाज के साथ-साथ योग जीवनशैली का हिस्सा बनाने की सलाह देता है। योग के कई आसनों में शवासन ऐसा आसन है, जो हाई ब्लडप्रेशर के मरीजों के लिए काफी लाभकारी माना जाता है। इससे शरीर की नसों और मांसपेशियों को आराम मिलता है और तनाव भी दूर होता है।

ये भी पढ़ें : https://dainiksaveratimes.com/lifestyle/oiling-your-hair-really-boost-hair-growth/

दरअसल, हाई ब्लड प्रेशर का सबसे बड़ा कारण मानसिक तनाव और लगातार सक्रिय रहने वाला दिमाग भी होता है। जब व्यक्ति तनाव में रहता है, तो शरीर में तनाव पैदा करने वाले हार्मोन तेजी से बढ़ जाते हैं। इससे दिल की धड़कन तेज होने लगती है और ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। शवासन इस पूरी प्रक्रिया को शांत करने का काम करता है। इस आसन में व्यक्ति पीठ के बल लेटकर शरीर को पूरी तरह ढीला छोड़ देता है और सांसों पर ध्यान केंद्रित करता है। ऐसा करने से दिमाग को शांति का संकेत मिलता है और शरीर का तंत्रिका तंत्र धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आने लगता है।

शवासन के दौरान ली जाने वाली धीमी और गहरी सांसें शरीर में ऑक्सीजन के स्तर को बेहतर बनाती हैं। इससे रक्त का प्रवाह संतुलित तरीके से होने लगता है। जब शरीर रिलैक्स होता है, तो रक्त वाहिकाएं भी सामान्य रूप से काम करने लगती हैं, जिससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में मदद मिलती है।

हाई ब्ल्ड प्रेशर के अलावा, शवासन मानसिक तनाव, चिंता और बेचैनी को भी कम करने में मदद करता है। लगातार अभ्यास करने से मन शांत रहने लगता है और व्यक्ति खुद को मानसिक रूप से ज्यादा मजबूत महसूस करता है।

इसके अलावा, शवासन शरीर की थकान को दूर करने में भी मदद करता है। दिनभर काम करने के बाद शरीर में जो भारीपन और कमजोरी महसूस होती है, यह आसन उसे कम करने का काम करता है। मांसपेशियों को पूरा आराम मिलने से शरीर दोबारा ऊर्जा महसूस करता है। नींद की समस्या से परेशान लोगों के लिए भी यह आसन फायदेमंद माना जाता है। शवासन करने से दिमाग शांत होता है और नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है।

पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में भी शवासन असरदार माना जाता है। तनाव कम होने और शरीर के शांत होने से पाचन क्रिया सही तरीके से काम करने लगती है। इससे कब्ज, गैस और अपच जैसी परेशानियों में राहत मिल सकती है। साथ ही, एकाग्रता और ध्यान लगाने की क्षमता भी बेहतर होती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें