Site icon Dainik Savera Times

Health Tips: लू और हीट स्ट्रोक का कहर जारी, भीषण गर्मी से बचने के लिए अपनाएं ये जरूरी टिप्स

Summer Heat Safety Tips

Summer Heat Safety Tips

हेल्थ डेस्क : भीषण गर्मी के बढ़ते असर के बीच देश के कई हिस्सों में लोग लू और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह दे रहे हैं कि थोड़ी सावधानी अपनाकर इस खतरे से काफी हद तक बचा जा सकता है। आइए ख़बर में विस्तार से जानते हैं…

शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी
डॉक्टरों के अनुसार गर्मी के मौसम में सबसे महत्वपूर्ण है शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखना। घर, ऑफिस या बाहर कहीं भी हों, नियमित अंतराल पर पानी पीते रहना चाहिए। इसके अलावा नारियल पानी, नींबू पानी, छाछ और मौसमी फलों के रस शरीर को ठंडक देने में मदद करते हैं और डिहाइड्रेशन से बचाते हैं।

हल्का और संतुलित भोजन करें
तेज गर्मी में भारी और तैलीय भोजन से परहेज करना चाहिए। भोजन में फल, सलाद और हल्के पदार्थों को शामिल करना बेहतर माना जाता है। इससे शरीर पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता और पाचन भी ठीक रहता है। साथ ही, बाहर निकलने से पहले हल्का भोजन करना अधिक लाभकारी होता है।

धूप से बचाव बेहद जरूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच सूर्य की किरणें सबसे तेज होती हैं। इस समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो छाता, टोपी या स्कार्फ का उपयोग करना चाहिए और ढीले व हल्के रंग के कपड़े पहनने चाहिए।

 

छायादार स्थानों में रहें और सावधानी बरतें
गर्मी में लंबे समय तक धूप में खड़े रहने से बचना चाहिए और संभव हो तो छांव में ही रहना चाहिए। शरीर में किसी भी तरह की कमजोरी, चक्कर या अत्यधिक पसीना आने पर तुरंत आराम करना और पानी पीना जरूरी है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि थोड़ी सी सावधानी और सही दिनचर्या अपनाकर हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति से काफी हद तक बचा जा सकता है।

Exit mobile version