White Spots On Nails Causes: नाखून शरीर की सुंदरता को बढ़ाने का काम तो करते ही हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये आपके स्वास्थ्य का हाल भी बयां करते हैं। अगर आपके नाखूनों पर सफेद धब्बे, लाइनें या स्पॉट नजर आते हैं, तो यह केवल कॉस्मेटिक इश्यू नहीं बल्कि शरीर में किसी पोषक तत्व की कमी या किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज करना आपकी सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है।
क्यों आते हैं नाखूनों पर सफेद धब्बे?
1. जिंक की कमी : शरीर में जिंक की कमी होने पर नाखूनों पर सफेद धब्बे या स्पॉट नजर आने लगते हैं। जिंक एक जरूरी मिनरल है जो इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है और त्वचा व नाखूनों की सेहत बनाए रखता है।
2. कैल्शियम की कमी : कैल्शियम की पर्याप्त मात्रा न होने पर नाखून कमजोर हो जाते हैं और उनमें सफेद निशान बनने लगते हैं। ऐसे में डाइट में दूध, दही, पनीर, तिल और अन्य कैल्शियम युक्त चीजों को शामिल करें।
3. चोट लगना : नाखूनों पर चोट लगने से भी सफेद निशान पड़ सकते हैं। उंगली पिच जाने या किसी बाहरी दबाव की वजह से जब खून का प्रवाह रुक जाता है, तो उस हिस्से में सफेद धब्बे उभर सकते हैं।
4. एलर्जी या फंगल इंफेक्शन : नेल पॉलिश, रिमूवर, हार्डनर या अन्य नेल प्रोडक्ट्स से एलर्जी भी सफेद धब्बों का कारण बन सकती है। इसके अलावा, फंगल इंफेक्शन से भी नाखून की बनावट और रंग में बदलाव आ सकता है।
5. कुछ गंभीर बीमारियां : कभी-कभी ये धब्बे शरीर में छिपी गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकते हैं। जैसे –
-डायबिटीज
-लिवर सिरोसिस
-एचआईवी
-सोरायसिस
-हृदय से जुड़ी समस्याएं
क्या करें?
अगर ये धब्बे लंबे समय तक बने रहें या बढ़ते जाएं, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इसके साथ ही संतुलित आहार लें, पोषक तत्वों से भरपूर खाना खाएं और नेल प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल सोच-समझकर करें।

