Site icon Dainik Savera Times

लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान आज बाद दोपहर 3 बजे, 7 फेज में वोटिंग संभव

नई दिल्ली: निर्वाचन आयोग लोकसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा शनिवार को करेगा। निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लोकसभा चुनाव और कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करने के लिए शनिवार को दोपहर 3 बजे एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। मौजूदा लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा है और नई लोकसभा का गठन उससे पहले होना है। कयास लगाए जा रहे हैं कि 543 सीटों के लिए 2024 के लोकसभा चुनाव 7 या 8 फेज में हो सकते हैं।

इसके साथ ही ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान भी होगा। इसके साथ ही पूरे देश में आचार संहिता भी लागू हो जाएगी। एक दिन पहले ही 2 चुनाव आयुक्तों ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू की नियुक्ति गई है। दोनों ने शुक्रवार को पदभार संभाला है। इसके बाद सीईसी राजीव कुमार समेत तीनों अधिकारियों ने चुनाव कार्यक्रम को लेकर बैठक की थी। पिछली बार लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा 10 मार्च को की गई थी और 11 अप्रैल से 7 चरणों में मतदान हुआ था। मतगणना 23 मई को हुई थी।

चुनाव की तारीखों की घोषणा की पूर्व संध्या पर मोदी ने कहा, एनडीए पुराने रिकार्ड तोड़ देगा
लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि दक्षिणी राज्य में ‘कमल खिलने जा रहा है’ और आगामी चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए पिछले रिकार्ड तोड़कर केंद्र में सत्ता में आएगा। उन्होंने केरल के मतदाताओं से अपने ‘पर्याप्त समर्थन’ को मतों में बदलने का आग्रह किया ताकि भाजपा राज्य में दहाई के अंक में सीटें जीत सके। दक्षिण केरल के इस शहर में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए की बड़ी सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, हम जल्द ही लोकतंत्र का महापर्व देखने जा रहे हैं।

मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार केरल का भाजपा के प्रति प्रेम भारी समर्थन में बदलेगा। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार पिछले सारे रिकार्ड टूट जाएंगे। मेरा दृढ़ विश्वास है कि इस बार हमारा केरल एलडीएफ और यूडीएफ के दुष्चक्र को तोड़ देगा। उन्होंने कहा, मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार केरल भाजपा को भरपूर समर्थन देगा। मोदी आपसे वादा करता है कि वह केरल के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। उनका यह बयान निर्वाचन आयोग के यह कहने के तुरंत बाद आया कि वह शनिवार को लोकसभा

चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा करेगा। केरल में पथनमथिट्टा, त्रिशूर और तिरुवनंतपुरम सहित भाजपा द्वारा ‘ए’ श्रेणी क्षेत्रों के रूप में वर्गीकृत लोकसभा क्षेत्रों में एनडीए की जीत के लिए ईसाई समुदाय का उसके साथ आना महत्वपूर्ण है। ईसाई समुदाय तक पहुंच बनाते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने वेटिकन में पोप फ्रांसिस के साथ अपनी मुलाकात का जिक्र किया और यमन में आईएसआईएस आतंकवादियों द्वारा पकड़े गए कोट्टायम के एक पुजारी को बचाने के लिए उनकी सरकार के सफल प्रयासों पर प्रकाश डाला।

मोदी ने कहा, 2021 में जब मैं वेटिकन में पोप फ्रांसिस से मिला, तब भी मैंने वहां विशेष रूप से केरल का जिक्र किया था। वह भारत में हो रही प्रगति से भी प्रभावित थे। पिछले 10 सालों में हमने देश के हर समुदाय और क्षेत्र के लिए यथासंभव कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा, हम इराक से अपनी बहन नर्सों को वापस लाए जो युद्ध के बीच में फंसी थीं। हमने संकट में घिरे अपने ईसाई पादरियों को मुक्त कराया और सुरक्षित वापस ले आए। वह केरल के एक कैथोलिक पादरी फादर टॉम के बचाव का जिक्र कर रहे थे, जिनका 2016 में युद्धग्रस्त यमन में अपहरण कर लिया गया था।

उन्हें बंदरगाह शहर अदन में एक देखभाल गृह पर घातक हमले के दौरान 18 महीने के बाद आईएसआईएस की कैद से बचाया गया था। मोदी के नेतृत्व में 2014 में एनडीए सरकार के सत्ता में आने के तुरंत बाद सरकार ने तत्कालीन संघर्षग्रस्त इराक से 46 भारतीय नर्सों को सुरक्षित निकाला था। इनमें से बड़ी संख्या में नर्स केरल की रहने वाली थीं।

गुजरात में लोकसभा चुनाव के लिए ‘आप’ ने अपना कैंपेन ‘गुजरात में भी केजरीवाल’ लांच किया
आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को गुजरात में लोकसभा चुनाव के लिए ‘गुजरात में भी केजरीवाल’ कैंपेन की शुरुआत की। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत सिंह मान ने वडोदरा से चुनाव प्रचार अभियान का आगाज किया।

इस दौरान ‘आप’ के भरूच से प्रत्याशी चैतर वसावा और भाव नगर से प्रत्याशी उमेश भाई समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि गुजरात के लोगों ने ही आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी बनाया है। पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को 14 फीसदी वोट मिले और हमारे 5 विधायक जीते। गुजरात का नाम भारतीय राजनीति क

इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। भगवंत मान ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हम लोग भगत सिंह और भीमराव आंबेडकर के सपनों की आजादी आम लोगों तक पहुंचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। दिल्ली और पंजाब की सरकार इसका उदाहरण है। दोनों राज्यों में आम आदमी पार्टी की सरकार भगत सिंह और आंबेडकर के सपनों को साकार करने वाले काम कर रही है।

उन्होंने गुजरात की जनता से आम आदमी पार्टी के दोनों उम्मीदवारों को जीताने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा वाले दिल्ली और पंजाब में हमारे हर काम रोेकते हैं। लेकिन जब संसद में आम आदमी पार्टी के 25-30 सांसद होंगे तो कोई हमारा काम नहीं रोक पाएगा क्योंकि हम एक बड़ा राजनीतिक ताकत बन जाएंगे। मान ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की।

आपने देखा होगा कि कैसे भाजपा के पीठासीन अधिकारी ने कैमरे के सामने मतपत्रों के साथ छेड़छाड़ की। उसने हमारे 8 वोट कैंसिल कर दिए और जबरदस्ती अपना मेयर बना लिया था। फिर सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला देते हुए आम आदमी पार्टी का मेयर बनाया। प्रैस को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश की जनता इंडिया गठबंधन के साथ है।

गुजरात के लोग भी इस बार भाजपा के भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ वोट करने के लिए तैयार हैं। गुजरात ने 2014 व 2019 में 26 की 26 सीटें भाजपा को दे दी। क्या इन सांसदों ने पेपर लीक, जहरीली शराब जैसे मुद्दे संसद में कभी नहीं उठाए? वहीं, अगर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों को सांसद बनते हैं तो वो आपकी आवाज उठाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि मेरा दिल कहता है कि एक दिन केंद्र में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी और हम लोग देश को भाजपा से मुक्ति दिलाएंगे।

Exit mobile version