Site icon Dainik Savera Times

तेलंगाना में एक बार फिर शर्मसार हुई इंसानियत… अब 100 कुत्तों को दिया गया जहर

100 stray dogs killed with poison

100 stray dogs killed with poison

नेशनल डेस्क: तेलंगाना में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। हैदराबाद से करीब 50 किलोमीटर दूर रंगारेड्डी जिले के एक गांव में बड़ी संख्या में आवारा कुत्तों को जान से मार दिया गया। आरोप है कि गांव में करीब 100 कुत्तों को जहर देकर मौत के घाट उतारा गया। इससे पहले भी तेलंगाना में 500 से ज्यादा आवारा कुत्तों की हत्या का मामला सामने आ चुका है, जिससे पशु प्रेमियों और सामाजिक संगठनों में भारी नाराजगी है।

पुलिस को पेशेवर तरीके से हत्या की आशंका

पुलिस जांच में सामने आया है कि कुत्तों की हत्या किसी सामान्य व्यक्ति ने नहीं, बल्कि पेशेवर तरीके से करवाई गई। शुरुआती जांच में शक की सुई गांव के सरपंच और उसके सहयोगियों की ओर घूमी है। पुलिस का मानना है कि इन्हीं के इशारे पर कुत्तों को जहर दिया गया। मामले में पुलिस ने सरपंच समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक वार्ड सदस्य और ग्राम सचिव भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: Petrol Diesel Price : पेट्रोल-डीजल के नए दाम जारी, जानें अपने शहर का ताजा रेट, देखें लेटेस्ट Update

पशु अधिकार संगठन ने दर्ज कराई शिकायत

इस घटना के खिलाफ स्ट्रे एनिमल फाउंडेशन ऑफ इंडिया की प्रतिनिधि प्रीति मुदावत ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (PCA एक्ट) की धारा 3(5) और 11(1)(a)(i) के तहत मामला दर्ज किया है। यह घटना 19 जनवरी की बताई जा रही है। पुलिस को शक है कि कुत्तों को मारने के बाद उनके शवों को गांव के बाहर कहीं दफना दिया गया।

शवों की तलाश में जुटी पुलिस

मामले की जांच कर रहे SHO नंदेश्वर रेड्डी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि कुत्तों को जहां दफनाया गया है, उस जगह की तलाश की जा रही है और सबूत जुटाए जा रहे हैं।

कैसे हुआ मामले का खुलासा

प्रीति के अनुसार, गांव से अचानक बड़ी संख्या में कुत्तों का गायब होना शक की वजह बना, जब गांव के लोगों से सवाल किए गए, तो उनके जवाब आपस में मेल नहीं खा रहे थे। इसी से शक और गहरा गया। बाद में वार्ड सदस्य अदुलपुरम गौतम ने स्वीकार किया कि कुत्तों को पहले बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया और उसके बाद जहरीला इंजेक्शन लगाया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर आवारा जानवरों की सुरक्षा और कानून के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें: Vinayak Chaturthi January 2026 : इस दिन रखा जाएगा विनायक चतुर्थी का व्रत; जानें शुभ मुहूर्त

Exit mobile version