Gujrat : गुजरात सरकार ने बुधवार को बताया कि वर्तमान में राज्य के कुल 144 मछुआरे पाकिस्तान की जेलों में बंद हैं और उनमें से 22 को पिछले दो वर्षों में गिरफ्तार किया गया है।
राज्य के मत्स्य पालन मंत्री राघव पटेल ने विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता अमित चावड़ा द्वारा पूछे गए प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी।
पाकिस्तान ने 2 वर्षों में पकड़ें 22 मछुआरे
उन्होंने कहा, ‘‘144 मछुआरों में से कुल 22 मछुआरे दो वर्षों में पाकिस्तान द्वारा पकड़े गए। इनमें से 2023 में नौ और 2024 में 13 मछुआरों को पकड़ा गया।’’ पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी अक्सर गुजरात के मछुआरों को हिरासत में लेती है और उन पर अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा (आईएमबीएल) पार करके पाकिस्तानी जलक्षेत्र में प्रवेश करने का आरोप लगाती है।
भारत की 1,173 नौकाएं भी पाकिस्तान के कब्जे में
मंत्री ने विधानसभा को यह भी बताया कि पाकिस्तान ने पिछले दो वर्षों में 432 भारतीय मछुआरों को रिहा किया है जबकि जनवरी 2025 तक 144 मछुआरे उसकी हिरासत में थे।
कांग्रेस विधायक शैलेश परमार द्वारा उठाये गये एक संबंधित सवाल का जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि दिसंबर 2024 तक भारत की 1,173 नौकाएं भी पाकिस्तान के कब्जे में थीं और उनमें से किसी को भी पिछले दो वर्षों में देश को वापस नहीं किया गया है।
मछुआरे के लिए आवश्यक दस्तावेज किए प्रस्तुत
पटेल ने कहा कि राज्य सरकार ने इन मछुआरों की रिहाई के लिए पिछले दो वर्षों में नियमित अंतराल पर गृह मंत्रलय को उनकी राष्ट्रीयता के आवशय़क दस्तावेज और प्रमाण प्रस्तुत किए हैं।