Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

बछड़े को बचाने उतरे तीन, 150 साल पुराना कुआं निगल गया 4 जिंदगियां

July 20, 2026

बछड़े को बचाने उतरे तीन, 150 साल पुराना कुआं निगल गया 4 जिंदगियां

150-year-old well swallows 4 lives : झज्जर। झज्जर के गांव मुनीमपुर में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। करीब 150 साल पुराने और 50 साल से बंद पड़े पियाऊ वाले कुएं में गिरे बछड़े को बचाने के लिए उतरे तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे में बछड़े सहित कुल चार जिंदगियां खत्म हो गईं, जिससे गांव में मातम का माहौल है।

तीन की जान गई, एक जिंदगी से जूझ रहा

मृतकों की पहचान मुनीमपुर निवासी दलबीर पुत्र फूल सिंह, मोनू पुत्र राजबीर और बिहार के श्रमिक रामू पुत्र रामदुलारे के रूप में हुई है। वहीं, कुएं में उतरे नरेंद्र पुत्र सत्यवान की हालत गंभीर है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना रविवार रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच की है। गांव की चौपाल और मंदिर के साथ लगते इस कुएं से कुछ ही दूरी पर दलबीर, नरेंद्र, मोनू और रामू बैठकर हुक्का पी रहे थे। इसी दौरान एक भागता हुआ बछड़ा अचानक कुएं में जा गिरा। यह देखते ही चारों लोग बछड़े को बचाने के लिए कुएं की ओर दौड़े और एक के बाद एक कुएं में उतरते चले गए।

मौत की वजह बनी पहेली

अब हादसे में सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर यह दर्दनाक हादसा किस वजह से हुआ? क्या कुएं में पानी बहुत अधिक गहरा था जिसमें डूबने से मौत हुई, या फिर 50 साल से बंद होने के कारण कुएं के अंदर कोई जहरीली गैस बन चुकी थी, जिसने उन्हें संभलने का मौका ही नहीं दिया? मौत का सटीक कारण फिलहाल पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का विषय बना हुआ है। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। रात के अंधेरे में रेस्क्यू आपरेशन चलाने के लिए गांव वालों ने कई ट्रैक्टर चालू करके रोशनी का प्रबंध किया। हालात को देखते हुए फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।

जेसीबी से तोड़ी गई कुएं की मुंडेर

कुएं की स्थिति ऐसी थी कि बिना मुंडेर तोड़े बचाव कार्य संभव नहीं था, इसलिए जेसीबी की मदद ली गई। जेसीबी से कुएं की मुंडेर को तोड़ने के बाद, करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत से कुएं में उतरे चारों लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से तीन दम तोड़ चुके थे, जबकि नरेंद्र को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना पाकर बादली से विधायक कुलदीप वत्स तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य पूरा होने तक गांव में ही मौजूद रहे। रात करीब 12 बजे पुलिस आयुक्त डा. राजश्री सिंह भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पहुंचने से पहले उन्होंने अस्पताल जाकर भी पूरी जानकारी जुटाई थी। फिलहाल, पुलिस टीम ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। एक साथ तीन लोगों की मौत से गांव में गहरा शोक है।

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें