
Farmer dies due to electric shock : करनाल। जिले के गांव अमरगढ़ में खेत में काम करते समय करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब किसान धान के खेत में पानी देने के लिए ट्यूबवेल की मोटर ठीक कर रहा था। करंट लगने के बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान गांव सिकरी निवासी 38 वर्षीय जगमाल सिंह के रूप में हुई है। वह विवाहित था और अपने पीछे पत्नी व करीब 18 वर्षीय बेटे को छोड़ गया है। उसकी असामयिक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों के अनुसार, जगमाल सिंह अमरगढ़ और सिकरी क्षेत्र में ठेके पर जमीन लेकर खेती करता था। शनिवार को वह अमरगढ़ स्थित खेत में धान की फसल को पानी देने के लिए गया था। इसी दौरान ट्यूबवेल की मोटर में आई खराबी को ठीक करने का प्रयास कर रहा था।
बताया जा रहा है कि काम करते समय बिजली का एक तार उसके पैर से छू गया, जिससे उसे तेज करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने किसान को गिरा देखा तो तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे तत्काल करनाल के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी भिजवाया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Also Read
मेष: दिन शुभ रहेगा...