Site icon Dainik Savera Times

चोरी के आरोप से आहत 17 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में माता-पिता से मांगी माफी

constable daughter commit suicide

constable daughter commit suicide

Koriya: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां एक पुलिसकर्मी की 17 वर्षीय बेटी ने कथित तौर पर मानसिक तनाव में आकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिवार का आरोप है कि एक स्थानीय मार्ट के संचालकों ने छात्रा पर चोरी का आरोप लगाकर उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित किया, जिसके बाद वह गहरे सदमे में चली गई।

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार की है। छात्रा ने अपने घर में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा कि उसकी वजह से परिवार को बदनामी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक, 7 जुलाई को पुलिसकर्मी की दो नाबालिग बेटियां एक आइसी मार्ट में सामान खरीदने गई थीं। इसी दौरान मार्ट के संचालकों ने उन पर करीब 1,500 रुपये के कॉस्मेटिक सामान की चोरी का आरोप लगाया। आरोप है कि छात्रा से दबाव बनाकर चोरी स्वीकार करने जैसा लिखवाया गया और उनकी स्कूटी भी अपने पास रख ली गई।

परिजनों का कहना है कि पुलिस विभाग में सिपाही अगले दिन जब छात्रा के पिता स्कूटी वापस लेने मार्ट पहुंचे तो संचालकों ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये की मांग की। इस पूरी घटना से छात्रा बेहद परेशान और मानसिक रूप से टूट गई। परिवार का आरोप है कि इसी तनाव के कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी। सिटी कोतवाली पुलिस ने मार्ट के संचालक दीपक वैध, विनोद वैध और जगत वैध के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर संबंधित मार्ट को भी सील कर दिया है।

घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मृतका के परिजनों, रिश्तेदारों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिटी कोतवाली पहुंचकर आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कुछ समय के लिए चक्काजाम भी किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों, सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Exit mobile version