Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

पाकिस्तान की जेल से रिहा 22 भारतीय मछुआरे गुजरात पहुंचे 

February 25, 2025

पाकिस्तान की जेल से रिहा 22 भारतीय मछुआरे गुजरात पहुंचे 
अहमदाबाद। पाकिस्तान की कराची जेल से रिहा किए गए 22 भारतीय मछुआरे मंगलवार को गुजरात के गिर सोमनाथ पहुंचे और उन्होंने स्वदेश लौटने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि पाकिस्तान की जेलों में बंद अन्य भारतीय मछुआरों की रिहाई की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। ये 22 मछुआरे अप्रैल 2021 से दिसंबर 2022 के बीच अरब सागर में गुजरात तट के पास मछली पकड़ते समय पाकिस्तान की समुद्री सुरक्षा एजेंसी द्वारा गिरफ्तार किए गए थे। वेरावल के मत्स्य पालन सहायक निदेशक वी. के. गोहेल के अनुसार, अभी भी लगभग 195 भारतीय मछुआरे पाकिस्तानी जेलों में बंद हैं। पाकिस्तान से रिहा किए गए 22 मछुआरों में से 18 गुजरात के, तीन केंद्र शासित प्रदेश दीव के और एक उत्तर प्रदेश का निवासी है। गुजरात सरकार ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और कृषि मंत्री राघवजी पटेल ने केंद्र सरकार से मछुआरों की रिहाई का अनुरोध किया था।
गोहेल ने बताया कि इन मछुआरों को कुछ दिन पहले वाघा बॉर्डर पर भारतीय अधिकारियों को सौंपा गया था। वे सोमवार शाम ट्रेन से वडोदरा पहुंचे, जिसके बाद मंगलवार को बस के जरिए गिर सोमनाथ जिले के वेरावल पहुंचे। वडोदरा पहुंचने पर मछुआरों ने अपने देश लौटने पर खुशी जताई और पाकिस्तानी जेलों में बंद अन्य मछुआरों की दुर्दशा पर चिंता व्यक्त की। वडोदरा में पत्रकारों से बात करते हुए एक मछुआरे ने कहा, वे बीमारियों से पीड़ित हैं और खाने-पीने की समस्या झेल रहे हैं।
वे गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। एक अन्य मछुआरे ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि उसे साढ़े तीन साल पहले गुजरात तट से मछली पकड़ते समय पकड़ा गया था। उन्होंने कहा, हम सभी 22 लोग बीमार हैं और अभी भी कई मछुआरे वहां कैद हैं। हम सरकार से अनुरोध करते हैं कि उन्हें जल्द से जल्द रिहा करवाने के लिए हर संभव प्रयास करें क्योंकि वहां की जेलों में बहुत दिक्कतें हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें