Site icon Dainik Savera Times

PM Kisan की 22वीं किस्त कल होगी जारी: किसानों के खाते में आएंगे 2000 रुपये, ऐसे चेक करें अपना Status

pm kishan yojna

pm kishan yojna

22nd installment PM Kisan : देश के करोड़ों किसानों के लिए 13 मार्च शुक्रवार का दिन खास होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम की राजधानी गुवाहाटी से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी करेंगे। इस किस्त के तहत सरकार करीब 18,640 करोड़ रुपये सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर करेगी। कई किसान फरवरी महीने से ही इस किस्त का इंतजार कर रहे थे। अब आखिरकार उन्हें यह रकम मिलने जा रही है। इस योजना के जरिए सरकार सीधे किसानों को आर्थिक मदद देती है, जिससे वे खेती से जुड़ी जरूरतों को पूरा कर सकें।

 

शाम 5 बजे के बाद खाते में आएगा पैसा
प्रधानमंत्री का कार्यक्रम 13 मार्च को शाम 5 बजे गुवाहाटी में शुरू होगा। इसी कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री एक क्लिक के जरिए किसानों के खातों में पैसा ट्रांसफर करेंगे। जैसे ही पैसा खाते में पहुंचेगा, किसानों के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भी आ जाएगा। हालांकि कई बार तकनीकी कारणों से कुछ किसानों के खातों में पैसा आने में कुछ घंटे या एक दिन का समय भी लग सकता है। इसलिए अगर शाम को मैसेज नहीं आता है तो घबराने की जरूरत नहीं है। संभव है कि आपके खाते में पैसा अगले दिन तक पहुंच जाए।

 

किसानों को कितने पैसे मिलेंगे
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह पैसा तीन किस्तों में दिया जाता है। हर किस्त में 2000 रुपये मिलते हैं। साल में कुल तीन बार पैसा ट्रांसफर किया जाता है। अब जो किस्त जारी होने वाली है वह 2000 रुपये की होगी। इससे पहले किसानों को पिछले साल 2 अगस्त और 19 नवंबर को भी 2000-2000 रुपये की किस्त मिल चुकी है।

खाते में पैसा आने के बाद कैसे निकालें
जब आपके बैंक खाते में 2000 रुपये आ जाएंगे तो आप उसे आसानी से निकाल सकते हैं। सरकार ने इस काम में मदद के लिए कई संस्थाओं को निर्देश दिए हैं, जैसे VLE (Village Level Entrepreneur), FPS (Fair Price Shop), SHG (Self Help Group), FPO (Farmer Producer Organization) इनकी मदद से किसान DigiPay और DigiPay Lite ऐप के जरिए भी पैसा निकाल सकते हैं।

 

क्या पैसा निकालने के लिए कोई फीस देनी होगी?
पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाली सभी सेवाएं पूरी तरह मुफ्त हैं। किसानों को किसी को भी पैसा देने की जरूरत नहीं है। अगर कोई व्यक्ति पैसा मांगता है या योजना के नाम पर ठगी करने की कोशिश करता है, तो किसान इसकी शिकायत अपने नजदीकी कृषि विभाग में कर सकते हैं।

 

ऐसे चेक करें कि आपको पैसा मिलेगा या नहीं
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपको पीएम किसान की 22वीं किस्त मिलेगी या नहीं, तो आप इसे अपने मोबाइल से आसानी से चेक कर सकते हैं।

 

स्टेटस चेक करने का तरीका
1. सबसे पहले पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।
2. वहां “Know Your Status” का विकल्प दिखाई देगा।
3. उस पर क्लिक करें।
4. अब अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड भरें।
5. इसके बाद आपके मोबाइल नंबर पर OTP आएगा।
6. OTP दर्ज करते ही आपकी किस्त से जुड़ी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।
इस तरह किसान घर बैठे ही यह पता लगा सकते हैं कि उनके खाते में पीएम किसान की अगली किस्त आएगी या नहीं।

 

Exit mobile version