Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

ज्यादा ऑनलाइन गेम खेलने के कारण लड़के को आया माइंड अटैक, दिमाग की नस फटने से हुई मौत

February 9, 2026

ज्यादा ऑनलाइन गेम खेलने के कारण लड़के को आया माइंड अटैक, दिमाग की नस फटने से हुई मौत

नेशनल डेस्क: मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां ऑनलाइन गेम खेलते समय 22 साल के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि गेम खेलते हुए अचानक उसका ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा बढ़ गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ती चली गई। डॉक्टरों के अनुसार, मौत की वजह दिमाग की नस फटना यानी ब्रेन हेमरेज हो सकती है।

मृतक की पहचान खैरनगर गूलर वाली निवासी मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कैफ को ऑनलाइन गेम खेलने की आदत थी और वह काफी समय मोबाइल पर बिताता था। घटना वाले दिन भी वह कान में ईयरफोन लगाकर अपने मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान उसे अचानक तेज सिरदर्द और घबराहट महसूस हुई। परिजनों के अनुसार कुछ ही देर में वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।

परिवार वाले उसे तुरंत पास के अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। सफदरजंग अस्पताल में दो दिनों तक उसका इलाज चला, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक जब उसे भर्ती कराया गया, उस समय उसका ब्लड प्रेशर 300 के पार था, जो बेहद खतरनाक स्थिति मानी जाती है और इससे दिमाग की नस फटने का खतरा बढ़ जाता है।

परिवार का कहना है कि उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि वह इतनी ज्यादा देर तक गेम खेलता है। वे इस मामले में ज्यादा कुछ कहने से बच रहे हैं। वहीं मोहल्ले के लोगों के मुताबिक कैफ अक्सर घंटों तक मोबाइल पर गेम खेलता रहता था और कम ही बाहर निकलता था।

डॉक्टरों का कहना है कि लंबे समय तक मोबाइल या स्क्रीन के सामने बैठे रहने, मानसिक तनाव, गुस्सा या अत्यधिक उत्तेजना से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है, जो युवाओं के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है। विशेषज्ञों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों और युवाओं की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें