Site icon Dainik Savera Times

सोनीपत में जब्त 25 हजार लीटर अवैध शराब नष्ट

Illicit liquor destroyed at CETP

Illicit liquor destroyed at CETP

25000 liters of liquor destroyed : सोनीपत। पुलिस ने अवैध शराब के धंधे पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थानों में दर्ज 58 मामलों से जब्त 25 हजार 658 लीटर अवैध शराब और बीयर को नष्ट करा दिया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त ममता सिंह के निर्देशन में हई।

सीईटीपी में नष्ट की गई अवैध शराब

अवैध शराब के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजीत सिंह तथा ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं नगर निगम के कार्यकारी अभियंता अजय निराला की निगरानी में एचएसआईआईडीसी के बड़ी औद्योगिक क्षेत्र स्थित कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (सीईटीपी) में संपन्न हुई। इस दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण संबंधी नियमों का विशेष ध्यान रखा गया। पुलिस के अनुसार, जिन मामलों का निष्पादन किया गया उनमें थाना शहर सोनीपत, सदर सोनीपत, कुंडली, एचएसआईआईडीसी बड़ी, सेक्टर-27, राई, बहालगढ़, मुरथल और बरोदा थाना क्षेत्र में दर्ज कुल 58 मुकदमे शामिल थे। इन मामलों में जब्त की गई अवैध शराब और बीयर को न्यायालय के आदेशों तथा निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार नष्ट किया गया।

रीसाइक्लिंग के लिए सौंपीं बोतलें

निष्पादन के बाद खाली कांच और प्लास्टिक की बोतलों को पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पुनर्चक्रण के लिए नगर निगम सोनीपत को सौंप दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में जिला स्तरीय निष्पादन समिति के सदस्यों के अलावा एचएसआईआईडीसी, नगर निगम, आबकारी एवं कराधान विभाग तथा हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों की भी उपस्थिति रही। सोनीपत पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा जब्त किए गए माल का निस्तारण न्यायालय के निर्देशों और पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप ही सुनिश्चित किया जाएगा।

Also Read

Exit mobile version