Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

म्यांमार के साइबर फ्रॉड हब में फंसे 500 भारतीयों की घर वापसी की तैयारी: अनुराग ठाकुर

November 1, 2025

म्यांमार के साइबर फ्रॉड हब में फंसे 500 भारतीयों की घर वापसी की तैयारी: अनुराग ठाकुर

हमीरपुर: म्यांमार (Myanmar) में चीनी माफिया द्वारा संचालित साइबर फ्रॉड हब से भागे लगभग 500 भारतीय नागरिक थाईलैंड में फंसे हुए हैं। भारत सरकार अब सभी को सकुशल वतन वापस लाने की तैयारी कर रही है। इस घटना ने देशभर में चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि म्यांमार में संचालित यह गिरोह युवाओं को नौकरी के नाम पर बुलाकर ऑनलाइन ठगी करवाने के लिए मजबूर करता है। हमीरपुर जिला के चंबोह और एक अन्य गांव से भी कुछ युवक म्यांमार में फंसे हुए हैं।

अणु में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्र म के दौरान उनके परिजनों ने सांसद अनुराग ठाकुर से मुलाकात कर बेटों की सकुशल घर वापसी की गुहार लगाई। परिजनों ने बताया कि चंडीगढ़ की एक कंपनी ने नौकरी के नाम पर युवकों से इंटरव्यू लिया और थाईलैंड भेजने का दावा किया, लेकिन उन्हें धोखे से म्यांमार भेज दिया गया। कुछ समय पहले परिवार की उनसे बात हुई थी, पर अब संपर्क पूरी तरह टूट चुका है, जिससे परिवार बेहद चिंतित है। एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनके बेटे को कंपनी वालों ने दो महीने पहले नौकरी से निकाल दिया था और तब से उसका कोई अता-पता नहीं है।

अनुराग ठाकुर का आश्वासन, जल्द होगी सभी की वापसी
सांसद अनुराग ठाकुर ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि म्यांमार में फंसे सभी भारतीयों को जल्द सुरक्षित वापस लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले पर गंभीरता से कार्य कर रही है और भारतीय दूतावास के माध्यम से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। ठाकुर ने बताया कि चंबोह और अन्य प्रभावित गांवों से भी लोगों ने उनसे मुलाकात कर मदद की अपील की है। गौरतलब है कि म्यांमार में स्थित यह कुख्यात साइबर फ्रॉड सेंटर चीनी माफिया गिरोहों द्वारा संचालित है, जहां विभिन्न देशों के युवाओं को फर्जी नौकरी के बहाने बुलाकर आॅनलाइन ठगी के धंधे में धकेला जाता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें