Site icon Dainik Savera Times

Haryana : क्रिप्टो निवेश के नाम पर 6.82 करोड़ ठगे, पहले रुपये गायब अब कंपनी

6.82 crore duped from crypto investments

6.82 crore duped from crypto investments

यमुनानगर। क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर बीएफएक्स प्रो कंपनी के निदेशकों ने छह करोड़ 82 लाख रुपये ठग लिए। ये ठगी 45 लोगों से की गई। इस कंपनी के निदेशकों पर ठगी के दो और मामले भी दर्ज हैं।

आरोप : देते थे गोली मारने की धमकी

पीड़ितों ने आरोप लगाया कि रुपये मांगने पर ये लोेग जेल में बंद बदमाशों से गोलियां मरवाने की धमकी देते थे। शहर यमुनानगर थाना में दो और मामले कंपनी के निदेशकों और साझेदारों पर दर्ज हुए हैं। इनमें निदेशक प्रियाशु दत्ता, उसके पिता रमेश दत्ता, संदीप दत्ता, दीक्षा दत्ता, अमित खेड़ा, हेमंत भटनागर, हरनेक सिंह और विनय गुप्ता पर केस दर्ज है।

अच्छे रिटर्न का झांसा देकर फंसाया

पीड़ित अश्वनी ने बताया कि रमेश दत्ता ने संपर्क कर उन्हें विश्वास दिलाया कि उसके बेटे प्रांशु दत्ता की कंपनी विदेशी स्तर पर काम कर रही है और निवेश करने पर हर महीने आठ से 10 प्रतिशत तक रिटर्न मिलता है। उसने यह भी भरोसा दिलाया कि कंपनी सरकारी तौर पर रजिस्टर्ड है और अनुभवी टीम संचालित कर रही है। उनकी बातों में आकर जमा पूंजी, आभूषण बेचकर, बैंक से लोन लेकर, रिश्तेदारों से उधार लेकर और यहां तक कि मकान बेचकर करोड़ों रुपये निवेश किए। लगभग चार करोड़ 16 लाख रुपये निवेश किए।

निवेश के बाद एप्लिकेशन कराते थे डाउनलोड

निवेश के बाद उन्हें मेटा बीएफएक्स प्रो नाम की एप्लिकेशन डाउनलोड करवाई गई, जिसमें उन्हें एक आईडी दी, जिसस कि वे अपने निवेश को देख सकें। आरोप है कि यह पूरा सिस्टम निवेशकों को भ्रमित करने के लिए बनाया था। आरोपितों ने निवेश बढ़ाने के लिए विदेश यात्राओं का लालच भी दिया और दिसंबर 2024 में बैंकाक, जनवरी 2025 में दुबई और बाद में जिम कार्बेट जैसे टूर करवाए। साथ ही जीरकपुर, कसौली और चंडीगढ़ में बड़ी-बड़ी मीटिंग्स आयोजित कर देशभर से लोगों को जोड़कर और अधिक निवेश कराया।

कुछ दिन तक मिलती रही रकम

एक योजना के तहत निवेशकों को उनका रिटर्न चार महीने के लिए लॉक करने को कहा गया, जिससे कि वे रुपये न निकाल सकें। बाद में आईडी बंद हो गई और निवेश की रकम वापस आना बंद हो गई। बाद में पता लगा कि आरोपितों ने इसी तरह से काफी लोगों से ठगी की है। माडल कालोनी निवासी सौरभ बंसल सहित 44 लोगों से भी आरोपितों ने इसी तरह से निवेश के नाम पर दो करोड़ 66 लाख रुपये की ठगी की।

Also Read :

Exit mobile version