Last Updated: October 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली में हर बच्चे को मिल सके बेहतर पोषण, इसी के तहत ‘आप’ सरकार के सेंट्रलाइज्ड आंगनवाडी किचन निभा रहे अहम भूमिका : Atishi Marlena

July 31, 2023

दिल्ली में हर बच्चे को मिल सके बेहतर पोषण, इसी के तहत ‘आप’ सरकार के सेंट्रलाइज्ड आंगनवाडी किचन निभा रहे अहम भूमिका : Atishi Marlena

नई दिल्ली: अपने सेंट्रलाइज्ड आंगनवाडी किचनों के जरिये केजरीवाल सरकार प्रतिदिन दिल्ली में प्रतिदिन 8 लाख से ज्यादा महिलाओं और बच्चों तक पौष्टिक आहार पहुंचा रही है। इस कड़ी में सोमवार सुबह महिला एवं बाल विकास मंत्री आतिशी ने दक्षिणी दिल्ली में तिगड़ी स्थित एक सेंट्रलाइज्ड आंगनवाडी किचन का निरीक्षण किया| यहाँ उन्होंने खाना बनाने में इस्तेमाल हो रहे अनाज व अन्य सामग्रियों की जांच की| निरीक्षण के दौरान डब्ल्यूसीडी मंत्री आतिशी ने स्वयं खाकर खाने की गुणवत्ता की भी जांच की।

इस मौके पर महिला एवं बाल विकास मंत्री आतिशी ने कहा कि, केजरीवाल सरकार दिल्ली में हर जरूरतमंद महिलाओं और बच्चों तक पौष्टिक आहार पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में सरकार 11 सेंट्रलाइज्ड किचनों के जरिए प्रतिदिन दिल्ली भर में 8 लाख बच्चों और महिलाओं तक पौष्टिक पका खाना और टेक होम राशन (टीएचआर) पहुँचाने का काम कर रही है| उन्होंने कहा कि इन किचनों के जरिए हम गर्भवती महिलाओं, लैकटिंग माताओं और आँगनवाडियों में आने वाले 6 माह से 3 साल तक के बच्चों को बेहतर पोषण देने का काम कर रहे है और इस दिशा में ये सेंट्रलाइज्ड किचन अहम् भूमिका निभा रहे है।

बता दे कि तिगडी,देवली स्थित ये सेंट्रलाइज्ड किचन अत्याधुनिक मशीनों से लैस है| यहाँ किचन को तीन हिस्सों में बांटा गया है| इसके पहले हिस्से में अनाज के भण्डारण के लिए गोदाम है। दूसरे हिस्से में एक फुल आटोमेटिक मशीन है जो अनाज को साफ़ करने से लेकर टेक होम राशन की पैकेजिंग का काम बिना किसी ह्यूमन टच के पूरा करती है| किचन के तीसरे और अंतिम हिस्से में खाने को पकाने का काम किया जाता है। इस हिस्से में बड़े मैकेनाईज्ड कंटेनर है जहाँ प्रतिदिन मेन्यू के अनुसार खाना पकाया जाता है, खाने की जांच की जाती है और उसे पैक कर दक्षिणी दिल्ली जिला के 775 आँगनवाडियों में पहुँचाया जाता है।

डब्ल्यूसीडी मंत्री आतिशी ने साझा करते हुए कहा कि, केजरीवाल सरकार के इस सेंट्रलाइज्ड किचन के जरिये दक्षिणी दिल्ली के 775 आँगनवाडियों में आने वाले 42,000 से अधिक बच्चों व गर्भवती महिलाओं तक मुफ्त पौष्टिक आहार पहुंचाने का काम किया जाता है। साथ ही ये किचन प्रतिदिन अत्याधुनिक मशीनों के द्वारा जीरो ह्यूमन टच के साथ 6 माह से 3 साल तक के 20,000 बच्चों तथा 8000 से ज्यादा महिलाओं के लिए टेक होम राशन तैयार किया जाता है| इसमें बच्चों के लिए पैक्ड पंजरी व गर्भवती महिलाओं और लैकटिक माताओं के लिए पैक्ड खिचड़ी प्रीमिक्स व सत्तू शामिल है।

उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के साथ हमारा उद्देश्य हर जरूरतमंद बच्चों और माताओं तक पोष्टिक आहार पहुंचाना है ताकि विकासात्मक और महत्वपूर्ण सालों में उन्हें हर जरुरी पोषण मिल सके। उन्होंने कहा कि जन्म लेने से लेकर शुरूआती कुछ साल बच्चों के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते है ऐसे में उनकी नींव मजबूत हो और सही गति में शारीरिक और मानसिक विकास हो इस दिशा में सरकार हर जरुरी कदम उठा रही है।

बता दे कि इस किचन में खाने की गुणवत्ता की जांच हर स्तर पर की जाती है और खाने की क्वालिटी के साथ कोई समझौता नहीं किया जाता है| साथ ही साफ़-सफाई संबंधित सभी नियमों का भी कड़ाई के साथ पालन किया जाता है| किचन में काम करने वाले हर वर्कर के लिए शू कवर-मास्क, ग्लव्स पहनना ज़रूरी है।

आज यहाँ आंगनवाडी वर्कर्स की सराहना करते हुए मंत्री आतिशी ने कहा कि, हमारी आंगनवाडी वर्कर्स का काम सराहनीय है| रोजाना सुबह 4 बजे से ही ये सभी हजारों जरुरतमंदों के लिए पौष्टिक खाना तैयार करती है। उन्होंने कहा कि अपने इस काम के जरिये हमारी आंगनवाडी वर्कर्स स्वस्थ समाज का निर्माण कर रही है।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें