Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

वंदे भारत एक्सप्रेस में सांप छोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

February 15, 2026

वंदे भारत एक्सप्रेस में सांप छोड़ने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

नेशनल डेस्क: पिछले साल दिसंबर में महाराष्ट्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई थी। एक व्यक्ति ने वंदे भारत एक्सप्रेस के टॉयलेट में सांप छोड़ दिया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। अब करीब 50 दिनों की जांच के बाद रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना 27 दिसंबर 2025 की है। उस दिन ट्रेन नंबर 22225 वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच C-16 के शौचालय में सांप मिलने की सूचना मिली। जैसे ही यात्रियों को इसका पता चला, ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और ट्रेन ने अपनी यात्रा जारी रखी। बाद में सोलापुर स्टेशन पर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया।

मामले की जांच के लिए सेंट्रल रेलवे और आरपीएफ ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति को टॉयलेट के अंदर सांप रखते हुए देखा गया। इसके बाद रेलवे एक्ट 1989 की धारा 145(बी), 147 और 153 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

करीब डेढ़ महीने की जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरपीएफ ने आरोपी को मुंबई से सटे मुंब्रा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 37 वर्षीय जगन अर्जुन भाले के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के नासिक जिले का रहने वाला है। उसे 12 फरवरी को हिरासत में लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कल्याण स्थित रेलवे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरपीएफ के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।

Video: पुलवामा हमले की बरसी: वीरों को याद किया गया, देश उन्हें कभी नहीं भूलेगा

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें