Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

कोरोना के बाद अब ‘H3N2’ का खतरा, एक व्यक्ति की मौत

March 10, 2023

कोरोना के बाद अब ‘H3N2’ का खतरा, एक व्यक्ति की मौत

हासन (कर्नाटक): कर्नाटक के हासन जिले में एक व्यक्ति की ‘इन्फ्लूएंजा ए’ के उपस्वरूप ‘एच3एन2’ वायरस से मौत हो गई। राज्य में इस संक्रमण से मौत का यह पहला मामला है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। हासन के जिला स्वास्थ्य अधिकारी (डीएचओ) हिरे गौड़ा ने बताया कि एक मार्च को 82-वर्षीय एक व्यक्ति की ‘एच3एन2’ से मौत हो गई।

डीएचओ ने कहा, ‘‘इस बात की पुष्टि हो गई है कि हिरे गौड़ा (82) की एक मार्च को एच3एन2 वायरस से मौत हुई।’’ उन्होंने बताया कि गौड़ा को मधुमेह था और उच्च रक्तचाप की समस्या भी रहती थी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि उन्हें 24 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और एक मार्च को उनकी मृत्यु हो गई। परीक्षण के लिए भेजे गए नमूने में पुष्टि हुई कि वह ‘एच3एन2’ से संक्रमित थे।

कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के. सुधाकर ने कुछ दिन पहले ही ‘एच3एन2’ के बढ़ते मामलों के मद्देनजर अधिकारियों के साथ एक बैठक की थी। सुधाकर के अनुसार, केंद्र सरकार ने अपने दिशानिर्देशों में प्रति सप्ताह 25 परीक्षण करने और विभाग को उपस्वरूप पर नज़र रखने को कहा है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के विशेषज्ञों का कहना है कि भारत में पिछले दो-तीन महीने से बुखार के साथ लगातार खांसी के बढ़ते मामले ‘इन्फ्लूएंजा ए’ के उपस्वरूप ‘एच3एन2’ के कारण सामने आ रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें