Site icon Dainik Savera Times

पहले पत्नी ने किया सुसाइड…फिर पति ने भी लगाया फंदा, खूबसूरत रिश्ते का हुआ खौफनाक अंत

bengaluru suicide

bengaluru suicide

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नागपुर में एक युवक ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके साथ आई उसकी मां ने भी आत्महत्या की कोशिश की, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक युवक की पहचान 36 वर्षीय सूरज शिवन्ना के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना नागपुर के वर्धा रोड इलाके में स्थित एक होटल की है। शनिवार को सूरज ने होटल के कमरे में छत के पंखे से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना के बाद होटल में हड़कंप मच गया। सूरज की मां जयंती भी उसी कमरे में मौजूद थीं, जिन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

ये भी पढ़ें: Unnao rape case: SC से कुलदीप सेंगर को झटका, उम्रकैद की सजा सस्पेंड करने के फैसले पर लगाई रोक

बताया जा रहा है कि सूरज की यह आत्महत्या उसकी पत्नी गनवी की मौत के ठीक दो दिन बाद हुई। सूरज और गनवी की शादी 29 अक्टूबर को बेंगलुरु में हुई थी। शादी के बाद दोनों हनीमून मनाने के लिए श्रीलंका गए थे, लेकिन किसी आपसी विवाद के कारण उन्हें बीच में ही यात्रा छोड़कर भारत लौटना पड़ा। इसके बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने की बात सामने आई।

गनवी के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद उसे ससुराल में लगातार मानसिक प्रताड़ना, अपमान और उपेक्षा झेलनी पड़ी। हालात बिगड़ने पर वे उसे अपने मायके ले आए थे। इसके बाद मंगलवार को गनवी ने आत्महत्या करने की कोशिश की। हालत गंभीर होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया। वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थी और गुरुवार को उसकी मौत हो गई।

गनवी की मौत के बाद उसके माता-पिता ने बेंगलुरु में सूरज और उसके परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया। इसके साथ ही उन्होंने ससुराल के बाहर प्रदर्शन भी किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस पूरे मामले के बाद सूरज और उसके परिवार पर सामाजिक दबाव बढ़ गया।

Video: पहलगाम में लौटे पर्यटक, नए साल से पहले रौनक बढ़ी

इसी दबाव के बीच सूरज अपनी मां जयंती के साथ बेंगलुरु छोड़कर नागपुर आ गया। दोनों नागपुर के एक होटल में ठहरे थे, जहां यह दर्दनाक घटना हुई। सूरज के भाई संजय शिवन्ना ने नागपुर पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

फिलहाल सूरज के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं उसकी मां जयंती की हालत नाजुक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं। पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। बेंगलुरु और नागपुर पुलिस आपस में संपर्क में हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Exit mobile version