नई दिल्ली: थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 सोमवार को उड़ान के दौरान तेज टर्बुलेंस (हवा के तेज झटकों) की चपेट में आ गई। इस दौरान विमान को जोरदार झटके लगे, जिससे विमान में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 12 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।
लोगों के सिर, गर्दन और कान में चोटें आईं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, टर्बुलेंस के दौरान विमान अपने तय स्तर से करीब 300 फीट नीचे आ गया। अचानक आए झटकों के कारण कई यात्रियों को सीट से उछाल महसूस हुआ। कुछ लोगों के सिर, गर्दन और कान में चोटें आईं। विमान के अंदर कुछ देर के लिए चीख-पुकार का माहौल बन गया। यात्रियों ने बताया कि दिल्ली में लैंडिंग से कुछ समय पहले विमान अचानक नीचे आने लगा और लगातार हिचकोले खाने लगा। हालांकि, पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार दिया। सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित विमान से बाहर निकल गए।
#Breaking – An Air India plane sways violently, throwing passengers without seat belts into the air! Horrifying turbulence on the Phuket-Delhi Air India flight. pic.twitter.com/PHnnaYgbEQ
— NEWS WALA (@NEWSWALApy) August 4, 2026
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया। हालांकि, विमान सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया। एयरलाइन के अनुसार, कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आई थीं। उन्हें एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट पर मौजूद मेडिकल सेंटर ले जाकर जांच और प्राथमिक उपचार दिया गया।
एयर इंडिया ने स्पष्ट किया कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है और घटना की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।

