
नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के आसपास के इलाकों में वायु प्रदूषण बढ़ने के बीच एयर प्यूरीफायर की बिक्री में तेजी आई है। कंपनियों और खुदरा विक्रेताओं के अनुसार, दिवाली के बाद इनके बारे में ग्राहकों की पूछताछ और खरीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब उपभोक्ता पूरे साल इस्तेमाल के लिए भी एयर प्यूरीफायर खरीदने लगे हैं। पहले दिवाली के बाद एयर प्यूरीफायर की मांग में तेजी को हर साल होने वाली मौसमी घटना माना जाता था, लेकिन अब यह उपभोक्ताओं की बदलती खरीदारी की आदत का हिस्सा बन रही है।
प्रदूषण बढ़ने पर अचानक खरीदारी करने के बजाय लोग अब पहले से ही एयर प्यूरीफायर खरीदने लगे हैं। उपभोक्ता इसे केवल प्रदूषण के मौसम में इस्तेमाल होने वाले उत्पाद के बजाय सालभर घर में इस्तेमाल की जरूरत के रूप में देख रहे हैं। इससे पता चलता है कि एयर प्यूरीफायर का बाजार पारंपरिक महानगरीय क्षेत्रों से आगे बढ़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर अब भी इस बाजार का सबसे बड़ा केंद्र बना हुआ है। वर्ष 2025 तक देश में एयर प्यूरीफायर की कुल बिक्री में दिल्ली-एनसीआर की हिस्सेदारी करीब 80 प्रतिशत थी।