नेशनल डेस्क: गाजियाबाद में दिसंबर महीने के दौरान शराब और बीयर की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। इस बार दिसंबर में कुल 164 करोड़ रुपये की शराब और बीयर बिकी, जो पिछले साल की तुलना में काफी ज्यादा है। पिछले वर्ष दिसंबर माह में यह आंकड़ा 145 करोड़ रुपये था, लेकिन इस साल इसमें करीब 19 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सबसे ज्यादा बिक्री 30 और 31 दिसंबर को हुई। इन दो दिनों में जिले भर में करीब 13 करोड़ रुपये की शराब और बीयर बेची गई। इसके अलावा नए साल के मौके पर 1 जनवरी को भी बिक्री सामान्य दिनों से अधिक रही। इस दिन लगभग 6 करोड़ रुपये की शराब और बीयर की बिक्री दर्ज की गई। फिलहाल जिले में शराब और बीयर की कुल 463 दुकानें संचालित हो रही हैं। औसतन देखा जाए तो जिले में हर दिन करीब 5 करोड़ रुपये की शराब और बीयर की बिक्री हो रही है। त्योहारों और खास मौकों पर यह आंकड़ा और बढ़ जाता है।
ये भी पढ़ें: खत्म हुआ इंतजार! नए अवतार में आ गई Kia Seltos, इतनी है शुरुआती कीमत
जिला आबकारी अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने क्रिसमस और नए साल के मद्देनजर दिसंबर महीने में चार दिनों के लिए शराब और बीयर की दुकानों को एक घंटा अधिक खोलने की अनुमति दी थी। सामान्य तौर पर दुकानें रात 10 बजे बंद हो जाती हैं, लेकिन इन चार दिनों में दुकानों को रात 11 बजे तक खुला रखने का आदेश दिया गया था।
अधिकारी के अनुसार, जिन इलाकों में देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है, वहां दुकानों के एक घंटा अधिक खुलने से अच्छी बिक्री हुई। ऐसे क्षेत्रों में प्रति दुकान करीब 20 हजार रुपये तक की अतिरिक्त बिक्री दर्ज की गई। इससे साफ है कि समय बढ़ाने का सीधा असर शराब और बीयर की बिक्री पर पड़ा।
ये भी पढ़ें: ‘पाकिस्तान को उखाड़ फेंको, हम भारत के साथ’, बलोचिस्तान ने जयशंकर को लिखा खुला पत्र

