Site icon Dainik Savera Times

पेपर लीक की सभी बातें निराधार और झूठी, अफवाह पर ध्यान न दें छात्र : CBSE

नई दिल्ली। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं के बीच कुछ शरारती तत्वों ने पेपर लीक की बात फैलाने की कोशिश की है। हालांकि सीबीएसई के अधिकारियों ने इन बातों पर तुरंत लगाम लगाते हुए बताया कि पेपर लीक की सभी बातें पूरी तरह से निराधार और झूठी हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक अफवाह है और छात्रों को इस पर ध्यान नहीं देना चाहिए। बोर्ड ने परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों व उनके अभिभावकों से कहा है कि वे केवल सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करें। साथ ही अधिकारियों ने यह भी सलाह दी है कि छात्र किसी भी असत्यापित स्नेत से आने वाली जानकारी या सोशल मीडिया की अफवाहों पर विश्वास न करें।

सोमवार 17 फरवरी को देश भर में सीबीएसई बोर्ड द्वारा 12वीं कक्षा के लिए फिजिकल एजुकेशन (शारीरिक शिक्षा) की परीक्षा आयोजित की गई है। परीक्षा सुबह 10 बजकर 30 मिनट से शुरू हुई थी। इसी बीच सोशल मीडिया पर बोर्ड परीक्षा के लीक होने के विषय में अफवाह फैलाने की घटना सामने आई। इसकी जानकारी मिलने पर बोर्ड ने पेपर लीक होने के दावों को पूरी तरह से निराधार बताया।

बोर्ड के मुताबिक, यह हरकत छात्रों और अभिभावकों के बीच अनावश्यक दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई है। इस पर अब बोर्ड पुलिस व अन्य प्रशासनिक एजेंसियों की मदद से कार्रवाई करेगा। सीबीएसई का कहना है कि बोर्ड ने परीक्षाओं के निष्पक्ष संचालन के लिए व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की है। केवल कुछ बेईमान तत्व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पेपर लीक की अफवाह फैला रहे हैं।

बोर्ड का कहना है कि पेपर लीक जैसी कोई घटना नहीं हुई है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे ऐसे संदेशों पर यकीन न करें न ही उन्हें आगे बढ़ाएं। बोर्ड इन अफवाह फैलाने वालों की पहचान और उन पर मुकदमा चलाने के लिए एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहा है। छात्रों को ऐसे तंत्र से बचने की सलाह दी गई है क्योंकि बोर्ड गलत सूचना फैलाने के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा।

सीबीएसई 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं 15 फरवरी से शुरू हुई थीं और यह परीक्षाएं 18 मार्च तक चलेंगी। वहीं 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं भी 15 फरवरी से शुरू हो चुकी हैं, ये परीक्षाएं 4 अप्रैल तक होंगी। इस साल लगभग 42 लाख छात्र-छात्रएं सीबीएसई 10वीं-12वीं बोर्ड की परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं। पहले दिन 15 फरवरी को 10वीं कक्षा की इंग्लिश व 12वीं के एंटरप्रेन्योरशिप विषय की परीक्षा हुई थी।

ये भी पढ़ें: अमृतपाल सिंह केस में HC का अहम फैसला: NSA हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका की खारिज

Exit mobile version