Alto car falls into ditch in Almora : अल्मोड़ा। अल्मोड़ा के चायखान के समीप सोमवार को सवारियों से भरी एक आल्टो कार खाई में गिर गई। हादसे के समय कार में कुल छह लोग सवार थे। यह दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर हैं।
सूचना मिलते ही लमगड़ा थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर राहत और बचाव (रेस्क्यू) कार्य शुरू किया। लमगड़ा थाना पुलिस के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग अल्मोड़ा जनपद के वलिया गांव के निवासी थे। दुर्घटना में जान गंवाने वाले चारों मृतकों की पहचान कर ली गई है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुर्घटना में कार सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनकी पहचान गोपाल सिंह (43 वर्ष) और सचिन (दोनों निवासी वलिया) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेस अस्पताल अल्मोड़ा (हायर सेंटर) रेफर कर दिया है। लमगड़ा के थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। कार के खाई में गिरने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...