Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू में सुरक्षा चाक चौबंध, चेक पोस्ट किए गए स्थापित

June 30, 2025

अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू में सुरक्षा चाक चौबंध, चेक पोस्ट किए गए स्थापित

Amarnath Yatra 2025 : जम्मू पुलिस ने 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा से पहले सुरक्षा बढ़ाने और किसी भी साजिश को नाकाम करने के लिए जम्मू में कई चेक पोस्ट स्थापित किए हैं। 38 दिनों तक चलने वाली यह वार्षिक तीर्थयात्रा दो मार्गों से शुरू होगी। तीर्थयात्री अनंतनाग जिले में 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग और गंदेरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबे छोटे लेकिन खड़ी चढ़ाई वाले बालटाल मार्ग का विकल्प चुन सकते हैं, जो 3,880 मीटर ऊंचे अमरनाथ गुफा मंदिर तक जाता है।

तीर्थयात्रियों का पहला जत्था यात्रा शुरू होने से एक दिन पहले जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप से कश्मीर के लिए रवाना होगा। पुलिस प्रवक्ता ने कहा, “आगामी अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जम्मू पुलिस ने जिले भर में कई रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर संयुक्त चेक पोस्ट स्थापित करके सुरक्षा व्यवस्था को काफी मजबूत कर दिया है।” उन्होंने कहा कि सुचारू और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए अर्धसैनिक बलों के साथ समन्वय में चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि ये चौकियां राष्ट्रीय राजमार्गों, जम्मू के आसपास और भगवती नगर बेस कैंप की ओर जाने वाले मार्गों सहित अत्यधिक संवेदनशील और भारी यातायात वाले क्षेत्रों में चौबीसों घंटे चालू रहेंगी। पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और अन्य एजेंसियों के कर्मियों को गहन तलाशी, निगरानी और सत्यापन कार्यों के लिए तैनात किया गया है।

प्रवक्ता ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लोगों की सतर्कता और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए व्यक्तिगत रूप से चौकियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “नाका टीम को सख्त जांच और श्रद्धालुओं और नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार के बीच संतुलन बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें