Andhra Pradesh New Capital: आंध्र प्रदेश की राजधानी को लेकर लंबे समय से जारी अनिश्चितता अब समाप्त हो गई है। राज्य सरकार ने अमरावती को आधिकारिक रूप से स्थायी राजधानी घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने इस महत्वपूर्ण फैसले की जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से साझा की।
The capital of Andhra Pradesh is Amaravati.
#APThanksIndia#APThanksModiJi #HistoricAmaravatiResolution pic.twitter.com/W4TocOw8nQ
— N Chandrababu Naidu (@ncbn) April 7, 2026
मुख्यमंत्री नायडू ने अधिसूचना साझा करते हुए स्पष्ट शब्दों में लिखा कि अमरावती ही आंध्र प्रदेश की राजधानी होगी। यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब हाल ही में संसद के बजट सत्र के दौरान आंध्र प्रदेश पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक 2026 को लोकसभा और राज्यसभा दोनों में बहुमत के साथ पारित किया गया था।
ये भी पढ़ें- ‘असम को घुसपैठियों का इलाका नहीं बनने देंगे’, अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला
राष्ट्रपति मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी का किया धन्यवाद
इस ऐतिहासिक फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए नायडू ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम को मंजूरी मिलने से राज्य के लोगों का वर्षों पुराना सपना साकार हो गया है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी धन्यवाद किया, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन को उन्होंने इस निर्णय में महत्वपूर्ण बताया।
राजनीतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना
अमरावती को राजधानी बनाए जाने का यह फैसला राज्य के विकास के दृष्टिकोण से एक बड़ा कदम माना जा रहा है। आंध्र प्रदेश के विभाजन के बाद से ही नायडू ने अमरावती को प्रशासनिक और राजनीतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई थी। अब इस निर्णय के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य में केवल एक ही राजधानी होगी, जिससे प्रशासनिक ढांचे में स्थिरता और स्पष्टता आएगी।
विकास को मिलेगी नई गति
विशेषज्ञों का मानना है कि इस निर्णय से अमरावती के बुनियादी ढांचे, निवेश और समग्र विकास को नई गति मिलेगी, जिससे आंध्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- IPL 2026: कौन है अर्शदीप सिंह की रूमर्ड गर्लफ्रेंड? क्रिकेटर ने शेयर की फोटो

