सोनीपत। सोनीपत में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने कृषि विभाग के उप निदेशक बुधवार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने उर्वरक का थोक लाइसेंस जारी कराने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद रोहतक इकाई ने जाल बिछाकर काबू किया। Arrested For Taking Bribe
50 हजार की दूसरी किस्त थी ये राशि
जानकारी के अनुसार गांव जाटी कलां निवासी राजकुमार ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक में शिकायत दी थी कि कृषि विभाग के उप निदेशक डाॅ. पवन शर्मा उससे थोक उर्वरक अनुज्ञा पत्र लाइसेंस जारी करने के बदले एक लाख रुपये मांग रहे हैं। शिकायत में बताया गया कि आरोपी पहले ही 50 हजार रुपये ले चुका था और शेष 50 हजार रुपये देने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। लगातार मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने ब्यूरो से संपर्क किया।
रिश्वत मांगने के आरोप मिले थे सही
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो की टीम ने प्रारंभिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद पूरी योजना बनाकर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल तैयार किया गया। तय योजना के अनुसार बुधवार को शिकायतकर्ता 50 हजार रुपये लेकर उप निदेशक के कार्यालय पहुंचा और रुपये सौंपे। कुछ ही देर बाद पहले से तैनात ब्यूरो दल ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को रिश्वत की राशि सहित पकड़ लिया।
अब चल रही जांच
कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक भगत सिंह ने किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो थाना रोहतक में मामला दर्ज कर लिया है। ब्यूरो अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ कर अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। Arrested For Taking Bribe
Also Read : खुशियों, मेहनत और आस्था का पर्व है बैसाखी
Also Read : अब आशियाने का सपना महंगा, कलेक्टर रेट लागू

