Last Updated: November 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया आज से

November 12, 2026

बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की प्रक्रिया आज से

Badrinath Temple Closure Rituals Begin Today : देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के समापन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद करने से पहले आज 12 नवंबर से पंच पूजाएं शुरू होंगी।

पांच दिनों तक चलने वाली धार्मिक परंपराओं के बाद 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर भगवान बदरीविशाल के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इस दौरान गणेश मंदिर से लेकर आदि केदारेश्वर और माता लक्ष्मी की पूजा सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजाओं के तहत बृहस्पतिवार को गणेश मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। 13 नवंबर को आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद होंगे। 14 नवंबर को खड्ग-पुस्तक पूजन के साथ वेद ऋचाओं का वाचन बंद कर दिया जाएगा। कपाट बंद किए जाने के अंतिम तीन दिनों तक गुप्त मंत्रों से भगवान बदरीविशाल की पूजा-अर्चना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को माता लक्ष्मी को कढ़ाई भोग अर्पित कर भगवान बदरीविशाल के दरबार में आने का निमंत्रण दिया जाएगा। 16 नवंबर को रावल (मुख्य पुजारी) अमरनाथ नंबूदरी महिला का रूप धारण कर माता लक्ष्मी को बदरीश पंचायत यानी मंदिर के गर्भगृह में विराजमान करेंगे और इसी दिन भगवान कुबेर और उद्धव की डोलियों को मंदिर परिसर में लाया जाएगा। इसके बाद रात 9 बजकर 37 मिनट पर बदरीनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें