Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

मस्कट-ढाका उड़ान में सहायक दल की सदस्य के यौन उत्पीड़न के आरोप में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

September 8, 2023

मस्कट-ढाका उड़ान में सहायक दल की सदस्य के यौन उत्पीड़न के आरोप में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार

मुंबई: मस्कट-ढाका की मुंबई से होकर जाने वाली उड़ान में चालक दल की एक महिला सदस्य का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने को लेकर 30 वर्षीय एक बांग्लादेशी नागरिक को यहां गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना विस्तार उड़ान के मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने से पहले बृहस्पतिवार को तड़के हुई।

अधिकारी ने कहा, आरोपी की पहचान मोहम्मद दुलाल के रूप में हुई है और वह विस्तार की उड़ान में मुंबई के रास्ते मस्कट से ढाका जा रहा था। मुंबई में विमान के उतरने से आधा घंटा पहले दुलाल अपनी सीट से उठा और उसने चालक दल की महिला सहायक को गले लगा कर चूमने की कोशिश की। उन्होंने बताया कि जब चालक दल के अन्य सदस्यों और यात्रियों ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह उनपर भड़क गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी यात्री ने उड़ान के कैप्टन की बात भी नहीं सुनी। कैप्टन उसके खिलाफ चेतावनी वाले रेड कार्ड के निर्देश पढ़ रहा था जिसमें उसे अनियंत्रित यात्री घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि विमान के मुंबई हवाईअड्डे पर उतरने के बाद यात्री को सुरक्षाबलों को सौंप दिया गया जो उसे सहार पुलिस थाना ले गए। अधिकारी ने बताया कि सहायक दल की सदस्य की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी यात्री को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया जिसने उसे शुक्रवार तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें