
नेशनल डेस्क : रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने अगले महीने जुलाई में बैंकों में अवकाश को लेकर ताजा अपडेट शेयर किया है। बता दें कि आरबीआई की ओर से हर महीने बैंकों की छुट्टियों को लेकर सूची जारी की जाती है। इस लिस्ट को अलग-अलग रीजन के हिसाब से तैयार किया जाता है। अगर आपको अगले महीने किसी काम के चलते बैंक में जाना है तो आप आरबीआई की नई लिस्ट देख उसके हिसाब से प्लानिंग कर सकते हैं।
जुलाई में आरबीआई ने अपने नियमों के तहत अलग-अलग क्षेत्रीय त्योहारों के हिसाब से बैंकों में अवकाश का ऐलान किया है। ये अवकाश अलग-अलग राज्यों में क्षेत्रों के आधार पर होंगे। 3 जुलाई को त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में ‘खर्ची पूजा’ के लिए अवकाश रहेगा। 5 जुलाई को जम्मू और श्रीनगर में गुरु हरगोबिंद जी के जन्मदिवस के मौके पर बैंकों में छुट्टी रहेगी।
14 जुलाई को मेघालय की राजधानी शिलांग में बेह डिएनख्लाम त्योहार है, जिसकी वजह से अवकाश रहेगा। 16 जुलाई को देहरादून में हरेला पर्व के चलते अवकाश रहेगा। यह त्योहार मानसून की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इसके बाद 17 जुलाई को मेघालय की राजधानी शिलांग में स्वतंत्रता सेनानी यू तिरोत सिंह की पुण्यतिथि के चलते बैंकों में कामकाज बंद रहेगा।
19 जुलाई को त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में केर पूजा के मौके पर बैंक बंद रहेंगे। 28 जुलाई को गंगटोक में द्रुकपा त्से-जी (बौद्ध अवकाश) और इसके अलावा सभी बैंकों में दूसरा और चौथे शनिवार (12 और 26 जुलाई) को भी अवकाश रहेगा। वहीं, सभी रविवार (6, 13, 20, और 27 जुलाई) को भी बैंक बंद रहेंगे।
इन छुट्टियों के दौरान बैंकों की ब्रांच में काम नहीं होगा, लेकिन ग्राहकों को डिजिटल बैंकिंग का लाभ मिलेगा। कस्टमर एटीएम और मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकेंगे। चेक क्लीयरेंस, RTGS और NEFT जैसी सेवाओं में देरी हो सकती है। आरबीआई ने हिदायत दी है कि जरूरी सेवाओं के चलते पहले से प्लानिंग करके चलें।