नेशनल डेस्क: जनवरी के आखिरी दिनों में बैंक से जुड़े काम करने वालों के लिए पहले से प्लानिंग करना बेहद जरूरी हो गया है। वजह यह है कि महीने के अंतिम सप्ताह में बैंक छुट्टियों का ऐसा सिलसिला बन रहा है, जिससे कई लोगों को बैंक पहुंचकर बंद शटर देखने पड़ सकते हैं। खासतौर पर 24 जनवरी को लेकर लोगों के मन में सबसे ज्यादा भ्रम बना हुआ है कि उस दिन बैंक खुलेंगे या बंद रहेंगे।
24 जनवरी को बैंक खुलेंगे या बंद?
24 जनवरी को शनिवार पड़ रहा है और यह जनवरी महीने का चौथा शनिवार है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, देशभर में सभी सरकारी और निजी बैंक हर महीने दूसरे और चौथे शनिवार को बंद रहते हैं। इसके अलावा सभी रविवार को भी बैंकों में अवकाश होता है। इसी नियम के तहत 24 जनवरी को पूरे भारत में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
ये भी पढ़ें: पुलिस ने KRK को किया गिरफ्तार, जानें क्या है पूरा मामला
बैंक छुट्टियां कैसे तय होती हैं?
भारत में बैंक छुट्टियों की सूची RBI द्वारा जारी की जाती है। इसमें कई तरह की छुट्टियां शामिल होती हैं, जैसे: राष्ट्रीय अवकाश (जैसे 26 जनवरी, 15 अगस्त) राज्य विशेष त्योहार, हर रविवार, हर महीने का दूसरा और चौथा शनिवार इसी वजह से ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि बैंक जाने से पहले अपनी तारीख और शहर के अनुसार छुट्टियों की जानकारी जरूर जांच लें।
लगातार तीन दिन बंद रहेंगे बैंक
इस बार जनवरी के आखिरी हफ्ते में बैंक लगातार तीन दिन तक बंद रहने वाले हैं, जिससे ग्राहकों को थोड़ी परेशानी हो सकती है। 24 जनवरी (शनिवार) – चौथा शनिवार, 25 जनवरी (रविवार) – साप्ताहिक अवकाश, 26 जनवरी (सोमवार) -गणतंत्र दिवस (राष्ट्रीय अवकाश) यानि इन तीनों दिनों में बैंक शाखाओं में कोई कामकाज नहीं होगा। अब अगर किसी को बैंक से जुड़ा जरूरी काम है, तो वह सीधे 27 जनवरी (मंगलवार) को ही निपटा पाएगा।
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी जारी
हालांकि बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन राहत की बात यह है कि डिजिटल बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह चालू रहेंगी। ग्राहक नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग ऐप, UPI से पैसे भेजना और लेना, ATM से कैश निकालना सुविधाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन कुछ काम ऐसे हैं, जो इन छुट्टियों के दौरान नहीं हो पाएंगे, जैसे चेक क्लियरेंस, डिमांड ड्राफ्ट बनवाना, पासबुक अपडेट, KYC या अन्य दस्तावेजी प्रक्रियाएं इसलिए बेहतर यही है कि जरूरी बैंकिंग काम समय रहते पूरे कर लिए जाएं, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी न हो।
ये भी पढ़ें: J&K Weather: बर्फ की सफेद चादर में लिपटा कश्मीर, कई इलाकों में शून्य से नीचे गया तापमान, बंद किया गया हाईवे!

