Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Bengal Elections Live : 78.68% पहुंची वोटिंग, CM ममता का दावा- टीएमसी जीत रही है चुनाव

April 29, 2026

Bengal Elections Live : 78.68% पहुंची वोटिंग, CM ममता का दावा- टीएमसी जीत रही है चुनाव

Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण में सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। विधानसभा की कुल 294 सीटों में से दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता से आह्वान किया है कि वे रिकॉर्ड संख्या में बाहर निकलें और आगे आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

टीएमसी जीत रही है चुनाव- ममता बोलीं

दूसरे चरण की वोटिंग के बीच सीएम ममता बनर्जी ने दावा किया कि यह चुनाव टीएमसी जीत रही है।

दोपहर 3 बजे तक 78.68% मतदान

सबसे ज्यादा मतदान पुरबा बर्द्धमान में 83.11% रहा और सबसे कम मतदान कोलकाता साउथ में 75.38% दर्ज हुआ। हावड़ा में 77.73%, कोलकाता नॉर्थ में 78.00%, नादिया में 79.79%, नॉर्थ 24 परगना में 77.39% और साउथ 24 परगना में 76.75% मतदान दर्ज किया गया है।

TMC का आरोप CRPF ने पोलिंग एजेंट को पीटा

साउथ 24 परगना के कैनिंग में लोगों ने आरोप लगाया कि सीआरपीएफ ने टीएमसी के पोलिंग एजेंट को पीटा है।

जनता दीदी के समर्थन में- कुणाल घोष

बेलेघाटा एसी से टीएमसी उम्मीदवार कुणाल घोष ने कहा, ‘जनता दीदी के समर्थन में है, लेकिन चुनाव आयोग के कुप्रबंधन के कारण मतदान धीमी गति से हो रहा है।

 

बंगाल में बिना हिंसा के चुनाव संभव नहीं- अधीर रंजन

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा- बंगाल में चुनावों का हिंसामुक्त होना संभव नहीं है। हमें सत्ताधारी दल से यही आशंका थी। फिर भी बड़ी संख्या में लोग चुनाव में भाग ले रहे हैं।

ममता बनर्जी को अपनी जीत पर भरोसा नहीं- अधीर रंजन चौधरी

मुर्शिदाबाद की बहरामपुर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि ममता बनर्जी को इस बार अपनी जीत पर भरोसा नहीं है। हम पहली बार देख रहे हैं कि ममता बनर्जी अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक बूथ से दूसरे बूथ पर जा रही हैं। वह बेचैन लग रही हैं।

एक बजे तक 61 फीसदी वोटिंग

पश्चिम बंगाल में दोपहर एक बजे तक मतदान प्रतिशत 61 फीसदी के पार पहुंच गया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, आठ राज्यों की 142 सीटों पर अब तक 61.11 फीसदी मतदान हो चुका है।

पूर्वी बर्धमान में बम बरामद

पूर्वी बर्धमान के केतुग्राम विधानसभा क्षेत्र में एक बूथ के पास बम बरामद हुए हैं।

सौरभ गांगुली ने किया मतदान

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली ने दक्षिण 24 परगना के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “आज 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों का दूसरा चरण है। मैं आज मतदान करने वाले सभी लोगों से आह्वान करता हूं कि वे रिकॉर्ड संख्या में बाहर निकलें और हमारे लोकतंत्र को और भी अधिक जीवंत व सहभागी बनाएं। विशेष रूप से, यह अत्यंत आवश्यक है कि पश्चिम बंगाल की महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में आगे आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।”

 

हाई-प्रोफाइल सीटें
जिन हाई-प्रोफाइल सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें भवानीपुर भी शामिल हैं। यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से है। वह नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से वह भाजपा के निवर्तमान विधायक हैं।

ये भी पढ़ें- आज का मौसम: इन राज्यों में ओलावृष्टि और भारी बारिश का अलर्ट, धूल भरी आंधी से जनजीवन होगा प्रभावित

मैदान में इतने उम्मीदवार
इन 142 विधानसभा सीटों के लिए कुल 1,448 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनके लिए दूसरे चरण में मतदान जारी है। पुरुष उम्मीदवारों की संख्या 1,228 है, जबकि महिला उम्मीदवारों की संख्या 220 है। दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में सबसे ज्यादा 15 उम्मीदवार हैं, जबकि हुगली जिले में सबसे कम 5 उम्मीदवार हैं।

मतदाताओं की संख्या
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के रिकॉर्ड के अनुसार, इन 142 विधानसभा सीटों में पंजीकृत मतदाताओं की कुल संख्या 32,173,837 है। यह इन सभी विधानसभा सीटों की कुल आबादी 50,013,786 का लगभग 64 प्रतिशत है। 32,173,837 पंजीकृत मतदाताओं में से 16,435,627 पुरुष मतदाता, 15,737,418 महिला मतदाता और 792 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

पंजीकृत मतदाताओं को EPIC जारी
पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सभी 32,173,837 पंजीकृत मतदाताओं को मतदाता फोटो पहचान पत्र (EPIC) जारी कर दिए गए हैं। 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 3,243 है, जबकि 85 वर्ष या उससे अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 196,801 है। कुल 146 अनिवासी भारतीय (NRI) मतदाता हैं, और 39,961 सेवा मतदाता हैं।

ये भी पढ़ें- आज का राशिफल: किसके हाथ लगेगी सफलता, तो किसे करना होगा मुश्किलों का सामना, जानें 12 राशियों का राशिफल

इन सीटों पर सबसे कम और अधिक मतदाता
राज्य की राजधानी कोलकाता के अलावा, जिन छह अन्य जिलों में ये 142 विधानसभा सीटें फैली हुई हैं, उनमें नदिया, पूर्वी बर्दवान, हुगली, दक्षिण 24 परगना, उत्तरी 24 परगना और हावड़ा जिले शामिल हैं। क्षेत्रफल के हिसाब से कोलकाता की जोड़ासांको विधानसभा सीट सबसे छोटी है, जिसका क्षेत्रफल सिर्फ 3.48 वर्ग किलोमीटर है, जबकि नदिया जिले की कल्याणी सीट सबसे बड़ी है, जिसका क्षेत्रफल 135 वर्ग किलोमीटर है। उत्तरी 24 परगना जिले के भाटपारा में सबसे कम 1,17,195 मतदाता हैं, जबकि हुगली जिले के चुंचुड़ा में सबसे अधिक 2,75,715 मतदाता हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें