Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज, हो सकता है बिहार विधानसभा की तारीखों का ऐलान

October 5, 2025

चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज, हो सकता है बिहार विधानसभा की तारीखों का ऐलान

पटना: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर हलचलें तेज हो गई हैं। बता दें कि आज संभावना जताई जा रही है कि चुनाव आयोग आज चुनाव की तारीखों की आधिकारिक घोषणा कर सकता है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार समेत आयोग के शीर्ष अधिकारी इन दिनों बिहार के दौरे पर हैं और उन्होंने चुनाव तैयारियों की गहन समीक्षा की है।

बता दें कि बीते दिन आयोग ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की, जहां विभिन्न दलों ने आगामी चुनाव की तारीखों को लेकर अपने सुझाव रखे। अधिकतर दलों ने इस बात पर जोर दिया कि मतदान छठ पर्व के बाद कराया जाए ताकि अधिक से अधिक मतदाता मतदान में भाग ले सकें। इसके साथ ही, एक या दो चरणों में चुनाव सम्पन्न कराने की भी सिफारिश की गई।

प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा

रविवार को आयोग ने राज्य के शीर्ष अधिकारियों, जैसे कि बिहार के मुख्य सचिव (सीएस) और पुलिस महानिदेशक (डीजी) के साथ बैठक की। इस उच्चस्तरीय बैठक में चुनाव की निष्पक्षता, सुरक्षा व्यवस्था, और लॉजिस्टिक तैयारियों पर मंथन हुआ। माना जा रहा है कि इन बैठकों के बाद ही आयोग आज किसी भी समय चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर सकता है।

राजनीतिक दलों ने रखी अपनी बात

पटना में आयोजित बैठक में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस, जदयू, लोजपा (रामविलास), आम आदमी पार्टी, और अन्य राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। मुख्य चुनाव आयुक्त ने सभी दलों से मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने और मतदान एवं मतगणना एजेंटों की समय पर नियुक्ति सुनिश्चित करने की अपील की।

छठ के बाद मतदान की मांग

ज्यादातर दलों की मांग थी कि बिहार की सबसे प्रमुख आस्था और सांस्कृतिक पहचान छठ पर्व के बाद ही मतदान कराया जाए। इससे न केवल मतदाता अधिक संख्या में मतदान कर सकेंगे, बल्कि चुनाव प्रक्रिया में भी सहजता बनी रहेगी। इसके साथ ही, मतदान को कम चरणों में आयोजित करने की सलाह भी दी गई, ताकि लंबी चुनावी प्रक्रिया से बचा जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें