Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

कानपुर में हुई बिहार जा रही ट्रेन पर पत्थरबाजी, यात्रियों में मची भगदड़

October 19, 2025

कानपुर में हुई बिहार जा रही ट्रेन पर पत्थरबाजी, यात्रियों में मची भगदड़

कानपुर: दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों को लेकर जहां देशभर में लोग रेल यात्राएं कर रहें है। वहीं कानपुर से एक परेशान करने वाली घटना सामने आई है। बता दें कि अहमदाबाद से दरभंगा जा रही एक फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन पर कुछ अज्ञात लोगों ने अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में ट्रेन के इंजन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा- तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना कानपुर के भीमसेन रेलवे स्टेशन के आउटर सिग्नल पर उस समय हुई, जब ट्रेन कुछ समय के लिए रुकी हुई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही ट्रेन रुकी, बाहर से कुछ युवकों ने अचानक पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इससे इंजन का सामने का शीशा टूट गया और चालक को तुरंत सुरक्षा के लिहाज से विंडो बंद करनी पड़ी।

ड्राइवर ने कंट्रोल रूम को दी जानकारी

घटना के तुरंत बाद, ट्रेन के लोको पायलट ने रेलवे कंट्रोल रूम से संपर्क कर पूरी स्थिति से अवगत कराया और ट्रेन को वहीं रोक दिया गया। कुछ देर तक यात्री भय और असमंजस की स्थिति में रहे। कई यात्रियों ने घटना के बाद सुरक्षा को लेकर नाराजगी भी जताई।

RPF ने संभाला मोर्चा, दर्ज हुआ केस

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्टेशन मास्टर की लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमला पूरी तरह से योजनाबद्ध नहीं था, बल्कि कुछ असामाजिक तत्वों की शरारत का परिणाम था।

ये भी पढ़ें: पंजाब में दिवाली पर इन विभागों के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द, नए आदेश जारी

इलाके में CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

RPF ने घटना के बाद भीमसेन स्टेशन के आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा निगरानी बढ़ा दी है। रेलवे अधिकारी सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पथराव करने वालों की पहचान की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि छह से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

रेलवे प्रशासन सतर्क, यात्रियों से की अपील

रेलवे प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को ट्रेनों की सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं। त्योहारों के इस भीड़भाड़ वाले समय में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए जा सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें