CRIME NEWS: बिहार के नालंदा जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गर्भवती महिला की कथित रूप से दहेज के लिए जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से ससुराल पक्ष के सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान स्तुति कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 9 महीने पहले नालंदा जिले के मेहतरमा गांव निवासी चिंटू कुमार उर्फ मणिकांत से हुई थी। लड़की के मायके वालों का आरोप है कि शादी के समय ससुराल पक्ष की ओर से सोने की चेन की मांग की गई थी। उस समय यह बात कहकर शादी कर दी गई कि बाद में चेन दे दी जाएगी। लेकिन जब सोने की चेन नहीं दी गई, तो ससुराल वालों ने बहू को परेशान करना शुरू कर दिया। उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
पहले मारपीट, फिर जिंदा जलाया
परिजनों के मुताबिक, स्तुति कुमारी करीब दो महीने की गर्भवती थी। कुछ दिन पहले भी उसके साथ मारपीट की गई थी। आरोप है कि घटना वाले दिन ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद सभी आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर भाग चुके थे। घर पर कोई मौजूद नहीं मिला।
पुलिस जांच शुरू, एफएसएल टीम बुलाई गई
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है, ताकि सबूत जुटाए जा सकें।
डीएसपी का बयान आया सामने
डीएसपी हिलसा शैलजा कुमारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला को उसके ससुराल वालों ने जला दिया है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
परिवार में छाया मातम
इस घटना के बाद मृतका के मायके में कोहराम मचा हुआ है। गर्भवती बेटी की इस तरह हत्या से परिवार पूरी तरह टूट गया है। वहीं, गांव और आसपास के इलाके में भी दहशत और आक्रोश का माहौल है।

