पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जदयू कार्यालय पहुंचे। उनके साथ बिहार सरकार के मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद थे। इस दौरान सीएम ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और चुनाव में उनके कठोर परिश्रम के लिए आभार जताया।
सीएम ने इस मौके पर जदयू प्रदेश कार्यालय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, जिसमें लिखा, “हर कदम विश्वास का, हर कदम विकास का। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और विधानसभा चुनाव में सक्रिय सभी साथियों के समर्पण के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।”
मंत्री विजय चौधरी ने बताया कि सीएम कार्यालय में स्वयं जायजा लेने आए हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं से मिली जानकारी संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान हुआ था और दूसरे चरण में भी मतदान उत्साहजनक है। खासकर महिलाओं की भागीदारी बढ़कर चुनाव की प्रक्रिया को और मजबूत बना रही है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक वोट देकर बिहार की प्रगति और सुशासन की निरंतरता में अपना योगदान दें।
वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव के शपथ लेने वाले बयान पर सीएम कार्यालय ने पलटवार किया। विजय चौधरी ने कहा कि राज्यपाल के माध्यम से ही शपथ दिलाई जाएगी और नीतीश कुमार ही अगले मुख्यमंत्री होंगे। संभावित हार के डर से विपक्षी बौखला गए हैं, लेकिन जदयू कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ चुनाव प्रक्रिया में जुटे हैं।

