Site icon Dainik Savera Times

बिहारः चलती ट्रेन में लूटपाट कर रहे बदमाशों ने चलाई गोलियां, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Firing

Firing

Bihar Crime News: बिहार के खगड़िया जिले में मानसी-सहरसा रेलखंड पर चलती ट्रेन में लूटपाट और गोलीबारी की गंभीर घटना सामने आई है। जहां, ये घटना अमृतसर-नरपतगंज जनसाधारण एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 14604) में हुई। बताया जा रहा है कि बदलाघाट रेलवे स्टेशन के पास कुछ हथियारबंद बदमाश ट्रेन में चढ़ गए और यात्रियों से लूटपाट करने की कोशिश करने लगे।

लूटपाट का विरोध करना पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार, बदमाश यात्रियों से नकदी,  मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान छीन रहे थे। इसी दौरान एक यात्री ने उनका विरोध किया। विरोध से नाराज बदमाशों ने चलती ट्रेन में ही उस यात्री को गोली मार दी। गोली लगते ही ट्रेन के डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई और यात्री डर के कारण इधर-उधर भागने लगे।

घायल यात्री की हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, घायल यात्री की पहचान 37 वर्षीय देव कुमार गुंजन के रूप में हुई है, जो झारखंड का रहने वाला है। वह अपनी पत्नी के साथ अमृतसर-नरपतगंज जनसाधारण एक्सप्रेस से सुपौल जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बदमाशों ने गुंजन से उसका सामान और कीमती वस्तुएं छीनने की कोशिश की थी। जब उसने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद यात्रियों में फैली दहशत
गोली चलने की आवाज सुनते ही पूरे डिब्बे में हड़कंप मच गया। कई यात्री डर के कारण अपनी सीटों से उठ गए, जबकि कुछ लोग सुरक्षित स्थान तलाशने लगे। घटना के बाद ट्रेन में सवार लोगों के बीच काफी देर तक डर और तनाव का माहौल बना रहा।

रेलवे पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। रेलवे पुलिस की टीम बदलाघाट रेलवे स्टेशन पहुंची और घायल यात्री को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच
मानसी रेल थाना के प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि चलती ट्रेन में एक यात्री को गोली मारे जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि घायल यात्री का इलाज चल रहा है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस बदमाशों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
चलती ट्रेन में हुई इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ाने और ऐसे अपराधों पर सख्ती से रोक लगाने की जरूरत है, ताकि यात्री सुरक्षित यात्रा कर सकें। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।

 

Exit mobile version