नेशनल डेस्कः बिहार के भोजपुर जिले से दीपावली की रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव में रविवार रात स्कॉर्पियो की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है।
हादसे में दो सगे भाइयों की गई जान
मृतकों की पहचान रामडिहरा गांव के वार्ड नंबर 17 निवासी रामनरेश यादव के बेटों के रूप में हुई है। मृतकों में 45 वर्षीय कमलेश यादव और 55 वर्षीय दिनेश यादव शामिल हैं। दोनों भाई गाड़ी का कारोबार करते थे। जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात गांव में स्कॉर्पियो की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सभी घायलों को तुरंत आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है।
गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
मृतक कमलेश यादव के बेटे रोहित ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। रोहित के मुताबिक, गांव के सूर्य मंदिर पर छठ पूजा के गीत बजाए जा रहे थे। इसी दौरान गांव का एक व्यक्ति स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचा और उसने कमलेश के भाई मुन्ना यादव से गाना बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। इसके बाद मुन्ना यादव ने फोन करके अपने परिवार के लोगों को घर से बुला लिया।
दोबारा स्कॉर्पियो लेकर पहुंचा आरोपी, लोगों को कुचलने का आरोप
परिजनों के अनुसार, विवाद के बाद स्कॉर्पियो सवार व्यक्ति वहां से चला गया था। कुछ देर बाद जब परिवार के लोग और अन्य ग्रामीण इकट्ठा होकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी वह दोबारा स्कॉर्पियो लेकर मौके पर पहुंचा। आरोप है कि उसने तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए वहां मौजूद लोगों को कुचल दिया। इतना ही नहीं, गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर कुछ लोगों को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। ग्रामीणों ने जब स्कॉर्पियो का पीछा किया तो चालक मौके से फरार हो गया। हालांकि, परिजनों के इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस बोली- शुरुआती जांच में दुर्घटना का मामला
घटना को लेकर बिहिया थाना प्रभारी विपिन बिहारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी में यह सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
सीने पर चढ़ गई गाड़ी, अंदरूनी चोटों से गई जान
आरा सदर अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर अशोक कुमार ने बताया कि पांच से छह लोगों को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। डॉक्टर के मुताबिक, कमलेश यादव की अस्पताल पहुंचने के दौरान ही मौत हो गई थी। उनके सिर और मुंह से काफी खून बह रहा था। वहीं, दिनेश यादव के सीने के ऊपर से गाड़ी गुजरने के कारण उन्हें अंदरूनी चोटें आई थीं।अन्य घायलों के हाथ-पैर में भी गंभीर चोटें लगी हैं। अस्पताल में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद आगे इलाज किया जा रहा है।
13 और 15 साल के बच्चे भी घायल
इस हादसे में घायल होने वालों में रमेश यादव का 13 वर्षीय बेटा कृष्णा कुमार और राजेश कुमार का 15 वर्षीय बेटा रितु कुमार भी शामिल हैं। इनके अलावा अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सात बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस हादसे ने कमलेश यादव के परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। कमलेश अपने पीछे पत्नी आशा देवी, तीन बेटे शियोग, रोहित और प्रिंस तथा चार बेटियां निशा, मनीषा, प्रिय और रागिनी को छोड़ गए हैं। इस तरह उनके सात बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। दीपावली की रात हुआ यह दर्दनाक हादसा पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल गया।

