नेशनल डेस्क। बिहार के गोपालगंज जिले के मशहूर थावे दुर्गा मंदिर में हुई बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इसी कड़ी में शनिवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मंदिर चोरी केस में शामिल दूसरा आरोपी थावे के रिखई टोला में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम (SIT) ने छापेमारी की। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर गोली चलाई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की और आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को तुरंत मॉडल अस्पताल, गोपालगंज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया।
कौन है घायल आरोपी
घायल आरोपी का नाम इजमामुल आलम है। वह मोतिहारी का रहने वाला है। फिलहाल वह भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस को उसके पास से मंदिर के चोरी हुए मुकुट के कुछ टुकड़े और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
चोरी कैसे हुई थी
गोपालगंज के एसपी अवधेश दीक्षित के मुताबिक 17 और 18 दिसंबर की रात, चोरों ने मंदिर के गर्भगृह का ताला तोड़ सोने का हार, सोने का मुकुट, चांदी की छतरी और दान पेटी चुरा ली। इसके बाद दो चोर सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए थे, हालांकि उन्होंने मास्क पहन रखे थे, जिससे पहचान मुश्किल हुई।
पहले आरोपी की गिरफ्तारी
कुछ दिन पहले पुलिस ने मुख्य आरोपी दीपक राय को गाजीपुर के जमानिया से गिरफ्तार किया। उसके पास से कटर और चोरी में इस्तेमाल सामान बरामद हुआ।पुलिस ने उसे 3 दिन रिमांड पर रखा और पूछताछ की। इसी पूछताछ में दूसरे आरोपी इजमामुल के बारे में जानकारी मिली।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
घायल आरोपी इजमामुल आलम ने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है। बताया कि सोने का हार और मुकुट कहां बेचे गए। गैंग के अन्य सदस्यों की पहचान भी कराई। अब पुलिस बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी का सामान वापस लाने के लिए छापेमारी कर रही है।
जनता ने पुलिस से जताई उम्मीद
चोरी के बाद सोशल मीडिया पर लोग लगातार सवाल पूछ रहे थे कि अब तक मंदिर का सामान क्यों नहीं मिला? मुकुट के टुकड़े बरामद होने से पुलिस पर भरोसा थोड़ा बढ़ा है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि पुलिस कब तक पूरा चोरी का माल बरामद करती है और मां दुर्गा के आभूषण मंदिर में वापस पहुंचाती है।
ये भी पढ़ें: Delhi Pollution: दिल्ली-NCR की हवा हुई जहरीली, AQI फिर 400 के पार! ठंड बनी वजह