Site icon Dainik Savera Times

पटना में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

नेशनल डेस्कः पटना की सड़कों पर मंगलवार को छात्रों का प्रदर्शन तेज हो गया। अलग-अलग छात्र संगठन अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे। छात्रों ने पहले से तय कार्यक्रम के तहत लोकभवन और मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश की। प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

डाकबंगला चौराहे पर भारी बैरिकेडिंग
प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने पटना के कई प्रमुख स्थानों पर बैरिकेडिंग की है। डाकबंगला चौराहे पर इस बार छात्रों के आंदोलन को देखते हुए भारी लोहे की चादरों से बैरिकेड बनाया गया है। जैसे ही प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बैरिकेडिंग पार करने और उसे तोड़ने की कोशिश की, पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद वहां काफी देर तक पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बनी रही।

 

छात्रों पर वाटर कैनन का इस्तेमाल
मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे विद्यार्थियों ने कई जगहों पर पुलिस के लगाए अवरोधकों को पार करने की कोशिश की। भीड़ को पीछे हटाने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन यानी पानी की तेज बौछारों का इस्तेमाल किया। पानी की बौछारों के बीच प्रदर्शन का एक अलग दृश्य भी देखने को मिला। कुछ छात्र पानी में शैंपू लगाकर नहाते नजर आए। प्रदर्शन के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। वहीं, एक छात्रा के बेहोश होने की भी खबर है।

सोमवार को सरकार ने की थी बातचीत की कोशिश
छात्र संगठनों के आंदोलन को खत्म कराने के लिए राज्य सरकार ने सोमवार को बातचीत की पहल की थी। सरकार के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ पटना के डीएम और एसएसपी भी सक्रिय हुए। अलग-अलग छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों ने करीब दो से तीन घंटे तक बातचीत की। बैठक में छात्रों की कई मांगों पर सहमति बनी।

हालांकि, कुछ प्रमुख मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। खासकर TRE-4 में निगेटिव मार्किंग खत्म करने और एकल परीक्षा कराने की मांग पर सरकार और छात्रों के बीच बात नहीं बन पाई।

‘एक अभ्यर्थी, एक परिणाम’ की भी मांग
छात्र संगठनों ने ‘एक अभ्यर्थी, एक परिणाम’ की मांग भी उठाई है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा और परिणाम की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए जिससे अभ्यर्थियों को बार-बार अलग-अलग प्रक्रियाओं से न गुजरना पड़े। बातचीत के बावजूद मुख्य मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद छात्र संगठनों ने मंगलवार को अपना पहले से तय आंदोलन जारी रखने का फैसला किया।

कई जगह पुलिस और छात्रों में झड़प
पटना में प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर पुलिस और छात्रों के बीच झड़प की स्थिति बनी। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश करती रही, जबकि छात्र बैरिकेडिंग पार करके आगे जाने का प्रयास करते रहे। राजधानी में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

किसानों के प्रदर्शन के दौरान भी झड़प
छात्रों के प्रदर्शन के बीच डाकबंगला के पास किसानों और पुलिस के बीच भी झड़प की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि किसान टाउनशिप से जुड़े मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इस तरह मंगलवार को पटना में अलग-अलग मांगों को लेकर कई समूहों के सड़क पर उतरने से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। पुलिस प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और प्रमुख रास्तों पर व्यवस्था बनाए रखने में जुटी है।

Exit mobile version