सोनीपत। नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने मेयर उम्मीदवार राजीव जैन और 22 वार्डों के पार्षद उम्मीदवारों के समर्थन में बाइक रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। हाथों में भगवा ध्वज लेकर कार्यकर्ताओं ने शहर में उत्साह के साथ शक्ति प्रदर्शन किया और जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की।
इनेलो का कांग्रेस-भाजपा पर वार
दूसरी ओर इनेलो की स्टार प्रचारक सुनैना चौटाला ने सोनीपत में प्रचार के दौरान कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पर जनता का भरोसा कम हो चुका है और शहर बदलाव चाहता है। उन्होंने कहा कि लोग पढ़ा-लिखा महापौर चुनना चाहते हैं और इस बार इंडियन नेशनल लोकदल को मौका मिलेगा। शुक्रवार को सुनैना चौटाला ने महापौर उम्मीदवार आनंद खत्री के लिए समर्थन मांगा और कहा कि इनेलो की जीत के बाद नगर निगम में भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इन स्थानों से निकली बाइक रैली
रैली अग्रसेन चौक से शुरू होकर मुरथल अड्डा, बस अड्डा, गीता भवन चौक, पुरखास अड्डा, अंडर ब्रिज हनुमान चौक, ककरोई रोड, फ्लाईओवर, मिशन चौक, काठ मंडी, विश्वकर्मा चौक, खाटू श्याम मंदिर, परशुराम चौक, ओल्ड डीसी रोड, सुभाष चौक, रेलवे रोड, झंडी रोड, सिक्का कॉलोनी और विवेकानंद चौक से होकर गुजरी। रास्ते में जगह-जगह लोगों और दुकानदारों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों के साथ रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए और समर्थन जुटाया। रैली में पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन, विधायक देवेंद्र कादियान, विधायक निखिल मदान, ललित बत्रा, बिजेंद्र मलिक, तरुण देवीदास, राजकुमार कटारिया, दिव्यांक जैन, सुरेंद्र मदान, संजय ठेकेदार, नीरज सोनी और गौरव भोला सहित कई नेता मौजूद रहे।
मतदाताओं से कमल पर मुहर लगाने की अपील
नेताओं ने लोगों से दस मई को कमल के निशान पर मतदान करने की अपील की। मेयर उम्मीदवार राजीव जैन ने कहा कि शहर की जनता का समर्थन साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस बार नगर निगम चुनाव में भाजपा सभी वार्डों में जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि तीन इंजन की सरकार बनने पर नगर निगम क्षेत्र में विकास की गति तेज होगी और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह पिछले चालीस वर्षों से लोगों के सुख-दुख में साथ रहे हैं और आगे भी जनता की अपेक्षाओं के अनुसार काम करेंगे। रैली के संयोजक गन्नौर से विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि लोगों को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की नीतियों पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन से नगर निगम चुनाव में भाजपा को एकतरफा जीत मिलेगी। उन्होंने दावा किया कि शहर का विकास स्मार्ट सिटी की तर्ज पर किया जाएगा। रैली के अंत में नेताओं ने शहरवासियों का सहयोग और समर्थन देने के लिए आभार जताया।
निगम से मिटा देंगे भष्टाचार : सुनैना

बुढ़ापा पेंशन और पीले कार्ड जैसी योजनाओं पर किसी की नजर नहीं पड़ने दी जाएगी। नगर निगम में ठेका प्रथा समाप्त करने, पिछले पंद्रह वर्षों से ठेके पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को स्थायी करने और सीवर व बरसाती पानी निकासी की समस्या का स्थायी समाधान करने का वादा किया गया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के नाम दर्ज मकानों का गृह कर माफ किया जाएगा और शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाया जाएगा। संपत्ति पहचान तंत्र में हो रही गड़बड़ियों को खत्म करने की बात भी कही गई। प्रचार के दौरान वार्ड 22 में जोगेंद्र प्रजापति सेठा और वार्ड 19 में सचिन लाठिया के लिए भी वोट मांगे गए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष कुणाल गहलावत, पूर्व विधायक रामफल कुंडू, प्रदीप गिल, कृष्ण मलिक, पूर्व चेयरमैन सतपाल गोयल, सुरेश त्यागी, भूपेंद्र मलिक, पंडित राजेंद्र गौड़, राजेंद्र जांगड़ा, साबर अली और रियाज सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। चौटाला ने कहा कि जनता चश्मा निशान पर बटन दबाए और शहर के विकास की जिम्मेदारी इनेलो पर छोड़े।
Also Read :
Also Read :
Also Read :
Also Read :