Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

भाजपा सदस्यता अभियान : 18 दिनों में 4 करोड़ से अधिक लोग बने पार्टी के सदस्य

September 20, 2024

भाजपा सदस्यता अभियान : 18 दिनों में 4 करोड़ से अधिक लोग बने पार्टी के सदस्य

नई दिल्ली। भाजपा देशभर में जोर-शोर से अपना राष्ट्रीय सदस्यता अभियान चला रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी महीने 2 सितंबर को पार्टी के केंद्रीय कार्यालय विस्तार में भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया था। पार्टी ने इस राष्ट्रीय सदस्यता अभियान को संगठन पर्व सदस्यता अभियान-2024 का नाम दिया है। भाजपा ने इस सदस्यता अभियान को देशवासियों का भरपूर समर्थन मिलने की बात कहते हुए यह दावा किया है कि मात्र 18 दिनों में 4 करोड़ से अधिक लोग पार्टी के सदस्य बन चुके हैं। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव एवं पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान के संयोजक विनोद तावड़े ने पार्टी के सदस्यता अभियान के इतिहास रचने का दावा करते हुए कहा है कि मात्र 18 दिनों में भाजपा के सदस्यता अभियान ने 4 करोड़ सदस्यों का आंकड़ा पार कर लिया है।

विनोद तावड़े ने पार्टी की इस उपलब्धि की जानकारी को एक्स पर साझा करते हुए बताया, ‘भाजपा का सदस्यता अभियान निरंतर इतिहास रच रहा है, मात्र 18 दिनों में 4 करोड़ सदस्यों का आंकड़ा पार हो गया। ‘तावड़े ने आगे कहा, ‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में चल रहे भाजपा सदस्यता अभियान 2024 को देशवासियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है, जिसका प्रमाण ये 4 करोड़ सदस्य हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत की दिशा में कदम बढ़ा रहा है और आज हर नागरिक भाजपा का सदस्य बनकर इसमें योगदान दे रहा है।‘

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव ने एक बार फिर से लोगों से भाजपा का सदस्य बनने की अपील करते हुए यह भी कहा, ‘आप भी 8800002024 पर आज ही मिस्ड कॉल दें या नमो एप के माध्यम से भाजपा के सदस्य बनें। ‘जानकारी के अनुसार, पार्टी के देशभर में चलाए जा रहे इस सदस्यता अभियान को सबसे बड़ी कामयाबी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात और असम जैसे राज्यों में मिलती नजर आ रही है।

भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष ने कुछ राज्यों के आंकड़ों को साझा करते हुए एक्स पर बताया,‘ भाजपा के सदस्यता अभियान ने 4 करोड़ का आंकड़ा छुआ। उत्तर प्रदेश ने एक करोड़ और मध्य प्रदेश ने 50 लाख का आंकड़ा पार किया। गुजरात पहले ही 50 लाख का आंकड़ा पार कर चुका है। असम 35 लाख का आंकड़ा पार करने की ओर अग्रसर है।‘

बीएल संतोष ने इसे सदस्यता अभियान के प्रथम चरण में उत्साहवर्धक रुझान बताते हुए पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं को शाबाशी भी दी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें