Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

BJP ने असम चुनाव के लिए जारी किया घोषणापत्र: महिलाओं को ₹3000 मासिक, 2 लाख नई नौकरियां

March 31, 2026

BJP ने असम चुनाव के लिए जारी किया घोषणापत्र: महिलाओं को ₹3000 मासिक, 2 लाख नई नौकरियां

गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव 2026 से पहले भाजपा ने अपने घोषणापत्र की घोषणा कर दी है। बता दें कि हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण नेआज गुवाहाटी में भाजपा का घोषणापत्र जारी किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया भी मौजूद रहे।

घोषणापत्र में 31 प्रमुख वादे

भाजपा ने अपने घोषणापत्र में कुल 31 बड़े वादे शामिल किए हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि भाजपा असम को सबसे विकसित और सुरक्षित राज्य बनाने का लक्ष्य रखती है। उन्होंने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने और कथित लव जिहाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने का भी वादा किया।

महिला कल्याण और वित्तीय योजनाएं

घोषणापत्र के अनुसार, महिलाओं के लिए ओरुनोडोई योजना के तहत मासिक सहायता राशि 1,250 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये की जाएगी। इसके अलावा, लाखपती दीदी योजना के तहत 40 लाख महिलाओं को 25,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

विकास और रोजगार पर जोर

भाजपा ने अगले पांच वर्षों में 2 लाख नई नौकरियों का वादा किया है। साथ ही, हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज, एक विश्वविद्यालय और एक इंजीनियरिंग कॉलेज स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने राज्य को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए 18,000 करोड़ रुपये की परियोजना शुरू करने का भी आश्वासन दिया।

भाजपा का चुनावी संदेश

निर्मला सीतारमण ने कहा कि पिछले दस वर्षों में भाजपा ने असम में जो विकास कार्य किए, वह कांग्रेस 60 वर्षों में नहीं कर पाई। उनका कहना था कि यह घोषणापत्र असम के लिए एक दशक की परिवर्तन यात्रा पर आधारित है, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा और रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में ठोस कामों का उल्लेख है।

असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य असम को सुरक्षित और विकसित राज्य बनाना है। उन्होंने बताया कि घोषणापत्र तैयार करने के लिए पूरे राज्य से 2.45 लाख सुझाव प्राप्त किए गए। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पिछले दस वर्षों में स्थिरता और विकास लाने में सफल रही है।

ये भी पढ़ें..

मतदान और गठबंधन

असम की सभी 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान 9 अप्रैल को एक ही चरण में होगा। मतगणना 4 मई को होगी। भाजपा, असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) के गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। भाजपा का लक्ष्य एनडीए की तीसरी लगातार जीत सुनिश्चित करना है, जबकि कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए संघर्ष कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें