
रोहतक। आम आदमी पार्टी के मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने राज्यसभा सदस्यों के भाजपा में जाने को भाजपा का डर करार दिया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गुजरात में आम आदमी पार्टी के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए पार्टी के सोशल मीडिया पेज बंद करा दिए हैं।
रोहतक में मीडिया से बातचीत करते हुए अनुराग ढांडा ने कहा कि भाजपा अब पूरी तरह से आप के बढ़ते प्रभाव से डर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल उनके सांसदों को तोड़ने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अब डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी पार्टी की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। ढांडा ने दावा किया कि मोदी सरकार ने गुजरात में आप के आधिकारिक फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज बंद करवा दिए हैं।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यही लोकतंत्र है, क्या किसी लोकतांत्रिक देश में किसी राजनीतिक दल के कम्युनिकेशन सिस्टम को इस तरह निशाना बनाया जा सकता है। यह गुजरात में आप की लोकप्रियता को देखकर भाजपा बौखला गई है। अनुराग ढांडा ने केंद्र सरकार और भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी इन हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सांसदों को डरा-धमकार या प्रलोभन देकर तोड़ने की कोशिशें सफल नहीं होंगी और जनता इस लोकतंत्र विरोधी व्यवहार का जवाब देगी।
Also Read :