Site icon Dainik Savera Times

हमीरपुर: यमुना नदी में पलटी नाव, 6 लोग लापता, राहत-बचाव अभियान जारी

Hamirpur Boat Capsized

Hamirpur Boat Capsized

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में बुधवार रात बड़ा हादसा हो गया। यमुना नदी में 9 लोगों को लेकर जा रही एक नाव अचानक पलट गई। हादसे में तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि छह लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिवारों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। देर रात तक राहत और बचाव अभियान जारी रहा। जिला प्रशासन ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए NDRF, SDRF, स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, जानें कौन थे चंद्रनाथ रथ

शादी से लौटते समय हुआ हादसा

यह हादसा कुरारा थाना क्षेत्र के भौली गांव के मजरा कुतुबपुर के पास हुआ। ग्रामीणों के अनुसार गांव में श्रीपाल की बेटी की शादी थी। बुधवार को विदाई के बाद कुछ रिश्तेदार यमुना नदी पार तरबूज खाने के लिए नाव से दूसरी ओर गए थे। बताया जा रहा है कि सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में पलट गई। हादसे के बाद नाव में सवार लोग पानी में डूबने लगे। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मदद शुरू की और किसी तरह तीन लोगों को बाहर निकाल लिया।

परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि नाव चला रहा युवक सफर के दौरान मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।

नाव में सवार थे ये लोग

नाव में कुल 9 लोग सवार थे। इनमें रानी, आकांक्षा, ब्रजरानी, लव्यांश, गोरेलाल, आदित्य, विष्णु, रिंकू और पारुल शामिल थे। इनमें से तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है और बाकी छह लोगों की तलाश जारी है।

प्रशासन ने तेज किया सर्च ऑपरेशन

हमीरपुर के जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि मौके पर प्रशासन की सभी टीमें मौजूद हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान रातभर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाते रहे। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है। डीआईजी भी रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि जल्द से जल्द सभी लापता लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

ये भी पढ़ें: अमेरिका-ईरान बातचीत के बीच बाजार सपाट, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेजी

गांव में पसरा मातम

हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जिन परिवारों के लोग लापता हैं, उनका रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे भीड़ न लगाने और राहत कार्य में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नाव में सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

Exit mobile version