नेशनल डेस्क: बछरावां के हरदोई गांव के पास शारदा नहर में तीन शव तैरते हुए मिले हैं, जिनमें एक महिला और दो पुरुष शामिल हैं। जैसे ही शव मिलने की खबर आस पास के क्षेत्र में फैली। तुरंत स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर बछरावां व शिवगढ़ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि तीनों शव अर्धनग्न अवस्था में मिले हैं और पुराने भी लग रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक पुरुष की आयु लगभग 50 वर्ष, दूसरे की 40 और महिला की लगभग 35 वर्ष आंकी जा रही है। मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने घटना की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश जारी किए। गुमशुदगी के मामलों से शवों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। बछरावां थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल का कहना है कि शवों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। हालत देख शव करीब 10 दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का कारण व समय का सही पता लग पाएगा।

